एयर होस्टेस गीतिका सुसाइड केस में बरी होने के बाद गोपाल कांडा के समर्थकों ने शहर में लड्डू बांटे और ढोल की थाप पर नाचते हुए दिखाई दिए। शहर के शू कैंप और शहीद भगत सिंह चौक पर उनके समर्थकों ने कार्यक्रम आयोजित किया। गोपाल कांडा के बरी होने के बाद उनके समर्थकों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई भी दी।
मैनेजर अरूणा कांडा को भी इस केस में बरी कर दिया
एयर होस्टेस गीतिका सुसाइड के में दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को विधायक गोपाल कांडा को बरी कर दिया। कांडा इस केस के मुख्य आरोपी थे। कांडा हरियाणा के गृह राज्य मंत्री रह चुके हैं। इस मामले में 18 महीने जेल में भी रह चुके हैं। 11 साल बाद आए इस फैसले पर उनके समर्थकों में खास उत्साह देखने को मिला। कांडा के साथ उनकी एमडीएलआर कंपनी की मैनेजर अरूणा कांडा को भी इस केस में बरी कर दिया गया है।
पांच अगस्त 2012 को किया था सुसाइड
गीतिका विधायक कांडा की एयरलाइंस में एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थी। उसने 23 साल की उम्र में 5 अगस्त, 2012 को दिल्ली के अशोक विहार स्थित अपने ही फ्लैट में सुसाइड किया था। गीतिका के परिवार वालों ने गोपाल पर गीतिका को परेशान करने का आरोप लगाया था और मौत का जिम्मेदार बताया था।
कांडा को छोड़नी पड़ी थी कुर्सी
गीतिका सुसाइड केस में आरोपी गोपाल कांडा तब हरियाणा की सीएम भूपेंद्र हुड्डा की अगुआई वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। गोपाल कांडा ने निर्दलियों के साथ मिलकर हुड्डा सरकार को समर्थन दिया था। बदले में हुड्डा सरकार में उन्हें गृह राज्यमंत्री का पद मिला। गीतिका सुसाइड केस में नाम आने के बाद कांडा को मंत्री पद छोड़ना पड़ा और उन्हें तिहाड़ जेल में रहना पड़ा।