सिरसा। शहर के बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में 15 अगस्त को 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री राजेश नागर बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण से पहले मुख्य अतिथि लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक व स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर सुबह 8.45 बजे वीर-शहीदों को नमन करेंगे।
9 बजकर एक मिनट पर ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह के दौरान 700 पुलिस जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। घुड़सवार, महिला पुलिस और स्पेशल कमांडो के जवान लगातार गश्त पर रहेंगे। जिले में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। वीरवार को पुलिस ने होटल और धर्मशालाओं की चेकिंग की।
आपराधिक किस्म के लोगों पर कड़ी नजर रखने के लिए सादी वर्दी में जवान भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। समारोह स्थल के पास ही वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ सभी ट्रेनों की गहनता से जांच कर यात्रियों पर पैनी नजर रखे हुए है। ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ और उनके सामान की तलाशी ली जा रही है। आरपीएफ व जीआरपी की ओर से यात्रियों से अपील की जा रही है कि यदि कोई भी संदिग्ध शख्स और लावारिस वस्तु दिखे तो तुरंत सूचना दें।
संदिग्ध को तुरंत हिरासत में लेने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता का कहना है 15 अगस्त तक पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संदिग्धों पर पैनी रखें। जिस किसी शख्स की गतिविधियां संदिग्ध लगे से तुरंत हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जाए। पुलिस सुरक्षा शाखा के कर्मचारी सादी पोशाक में सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही है। शहर और आसपास में बने तमाम होटलों के अलावा धर्मशालाओं का रिकॉर्ड भी चेक किया जा रहा है और यहां पर ठहरे लोगों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा पंजाब व राजस्थान सीमा पर चौकसी भी बढ़ाई गई है।
ड्रोन उड़ाने पर लगा प्रतिबंध, सेना-पुलिस को छूट
जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू कर जिले में ड्रोन सहित सभी प्रकार के मानव रहित हवाई वाहनों की उड़ान पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 15 अगस्त को सुबह से लेकर समारोह की समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे। आदेश में कहा गया है कि 15 अगस्त को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से नगर परिषद सिरसा, डबवाली व नगर पालिका ऐलनाबाद, कालांवाली और रानियां की सीमा क्षेत्र से 5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल विमान, फ्लाइंग कैमरा, हेली कैम आदि उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इन क्षेत्रों को भी ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं की ओर से मार्च पास्ट, पीटी शो, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में होने वाली गतिविधियों का समय
ध्वजारोहण सुबह 9:01 बजे
परेड का निरीक्षण सुबह 9:05 बजे
मुख्य अतिथि का संदेश सुबह 9:10 बजे
मार्च पास्ट सुबह 9:30 बजे
पीटी शो सुबह 9:40 बजे
सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे
राष्ट्रगान सुबह 11:00 बजे