जानिए... किस सदस्य ने रखी कौन सी समस्या
1. निताशा राकेश सिहाग : मनरेगा योजना के तहत काम करवाया जाता है। इसके तहत नहरों की भी सफाई करवाई जाती है, लेकिन गंदगी निकालकर बाहर ही छोड़ दी जाती है और उसका उठान नहीं करवाया जाता। ऐसे में गंदगी कुछ दिन बाद वापस नहर में चली जाती है। इस तरह न तो समस्या का समाधान होता है और मेहनत के साथ-साथ सरकार का पैसा भी बर्बाद होता है।
2. छोटू राम : आयुष्मान कार्ड को लेकर समस्याएं आ रही हैं, इसलिए कृपया इस ओर भी ध्यान दिया जाए।
3. प्रदीप रातुसरिया : शहर के बीचों-बीच ट्रेड टॉवर मार्केट नगर परिषद की ओर से स्थापित की गई है, लेकिन किराया अधिक होने के कारण दुकानें किराये पर नहीं चढ़ पा रही। इसलिए सुझाव है कि किराया कम करके दुकानों की नीलामी करवाई जाए। यहां सफाई करवाई जाए और बेहतर तरीके से ट्रेड टॉवर मार्केट का संचालन करवाया जाए।
4. रतन लाल बामनिया : एफ-ब्लॉक शहर का पॉश एरिया है, लेकिन प्रशासन ने लापरवाही बरतते हुए इस एरिया को कूड़ा डंपिंग प्वाइंट (डस्टबिन) बना दिया है। प्रतिदिन कूड़े से भरी ट्रॉली लाकर यहां डाल दी जाती है और उठान के बारे में नहीं सोचा जाता। इसलिए इस समस्या का समाधान करवाएं।
5. वीरेंद्र तिन्ना : तहसील में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री होती है। रजिस्ट्री से पहले एनओसी करवानी होती है, लेकिन इन दिनों एनओसी को लेकर तहसील कार्यालय, नगर परिषद और जिला नगर योजनाकार विभाग के बीच आपसी समन्वय का अभाव है।
झगड़े की शिकायत पर पिता को पुलिस सुरक्षा देने के निर्देश
इस दौरान एक व्यक्ति ने पुत्रों के खिलाफ झगड़े की शिकायत दी। इस पर निकाय मंत्री ने व्यक्ति को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाए जाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि एक पिता की अपने पुत्रों के खिलाफ झगड़े व धमकी देने की शिकायत गंभीर विषय है, इसलिए प्रार्थी को एक सप्ताह के लिए पुलिस सुरक्षा दी जाए और जरूरत पड़े तो सुरक्षा की अवधि को और भी बढ़ाया जाए। गांव चक्का निवासी गोकुल चंद ने अपने पुत्रों के खिलाफ शिकायत दी थी कि उसके दो पुत्र हैं, जो उसके साथ झगड़ा करते रहते हैं तथा उसे मारने की धमकियां देते हैं। हालांकि मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण अध्यक्ष ने शिकायत को फाइल करते हुए पुलिस सुरक्षा के निर्देश दिए।
इन शिकायतों पर भी हुई सुनवाई
- जिला के गांव मोठसरा निवासी राममूर्ति की शिकायत पर सुनवाई की। इस दौरान मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे पुलिस महानिदेशक को इन रिपोर्ट को जल्द भिजवाने बारे पत्र लिखें, ताकि मामले का निपटान हो सके।
- गांव खुईयां नेपालपुर व कर्मगढ़ की ढाणियों के साथ लगते एरिया में मुर्गी फार्म के कारण सफाई व्यवस्था बिगड़ने संबंधी शिकायत पर भी समस्या सुनी। अध्यक्ष ने शिकायत को फाइल करते हुए विभाग को निर्देश दिए कि मुर्गी फार्म एरिया में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और बेहतर तरीके से सफाई करवाई जाए, जिससे वहां के लोगों को कोई परेशानी न हो।
- गांव कुरगांवाली निवासी बलजीत सिंह, राहुल व अन्य की शिकायत पर मंत्री ने समिति के दो सदस्यों की कमेटी बनाकर गांव में जाकर पानी सप्लाई की सत्यता की जांच करने बारे निर्देश दिए।
- नाबालिग के अपहरण मामले में रखी गई शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में और अधिक तेजी के साथ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 शिकायतों को सुना गया है। इसमें से सात का मौके पर ही निपटारा कर दिया है। इसके अलावा पांच शिकायतें पेंडिंग रखी है। इतना ही नहीं नई शिकायतें भी सुनी गई है और सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. कमल गुप्ता, स्थानीय निकाय मंत्री।