डबवाली। पेस्टीसाईड दुकानदारों के साथ बैठक करते हुए भाजपा देव कुमार शर्मा। संवाद
डबवाली। किसानों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बात हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने बैठक में कही। नकली खाद, कीटनाशक एवं बीजों की बिक्री पर अंकुश लगाने एवं किसान हितों की रक्षा के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा बीज, पेस्टीसाइड एवं खाद विक्रेताओं की एक बैठक किसान भवन में आयोजित की गई।
बैठक में कृषि अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर (एफसीओ) 1985 के नियमों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए। विभाग की ओर से उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. अमित शर्मा, तकनीकी सहायक डॉ. रामपाल, खंड कृषि अधिकारी डॉ. सुरेश मुख्य रूप से उपस्थित थे। सबसे पहले डॉ. अमित शर्मा ने विक्रेताओं को एफसीओ के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए नकली उत्पादों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नकली खाद, कीटनाशक एवं बीजों से फसल नष्ट होने की शिकायतें रोकने के लिए विभाग द्वारा कदम उठाए जा रहे हैं। नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग की जाएगी और नकली उत्पाद पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी
वहीं, अपने संबोधन में चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ समय से नकली और मिलावटी बीजों के कारण फसल खराब होने की शिकायतें आ रही हैं। कई बीज उत्पादक, डीलर और विक्रेता मूल बीजों को खराब या निम्न गुणवत्ता वाले बीजों के साथ मिलाकर बेचते हैं। इस कारण फसल खराब होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने विक्रेताओं को साफ सुथरा कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी बीज, कीटनाशक और खाद खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी किसानों को बताना सुनिश्चित करें।
देव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 24 फसलों पर एमएसपी लागू किया है ताकि किसान खुशहाल हों। सरकार द्वारा किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अबूबशहर में धान की फसल में हुए नुकसान की कमेटी बनाकर जांच करने को कहा। साथ ही उन्होंने एसोसिएशन द्वारा रखे गए मुद्दों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही एवं उन्हें आश्वासन दिया कि व्यापारियों को भी कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
बैठक में पार्षद सुनील जिंदल, एकता सीड्स, पेस्टीसाइड एवं फर्टिलाइजर एसोसिएशन के प्रधान अजनीश धारणिया, नरेश कुमार, शामलाल जिंदल एवं सभी खाद, कीटनाशक एवं बीज विक्रेताओं ने भाग लिया।