डबवाली। डबवाली पुलिस के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारी पुलिस हर गली, चौक - चोराहों, स्कूल कॉलेजों व झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर नुक्कड़ नाटक व सभाओं के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों व विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के बारे जागरूक कर रही है। इसके तहत ओढां थाना प्रबंधक सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने गांव घुकांवाली व जंडवाला जाटान में ग्रामीणों को जागरूक किया।
वहीं कालांवाली चौकी प्रभारी पीएसआई प्रवीन कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडी कालांवाली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों व साइबर अपराधों बारे अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पहले युवा नशा शोक कारण नशे की लत में आता है और धीरे धीरे अन्य नशे हेरोइन, अफीम, पोस्त आदी जानलेवा नशे लेना शुरु कर देता है।
बाद में नशे की लत पड़ने पर उसका जीवन बर्बाद हो जाता है। नशे की बुरी लत से हमारे स्वास्थ्य के साथ साथ धन की हानि होती है। नशे से हजारों लाखों घर बर्बाद हो चुके है। नौजवान बच्चे शौक शौक में नशे की बुरी लत को पाल लेते हैं। बाद में नशे की पूर्ति के लिए क्राइम का सहारा लेते हैं जिसमें नौजवान चोरी, स्नैचिंग, लूट और अवैध हथियार के साथ वारदातों को अंजाम देते हैं।
इसके कारण उनकी हंसती खेलती जिंदगी बर्बाद हो जाती है। हमें नशे से शुरुआत में ही लड़ना चाहिए जिससे कि हम अपनी स्वास्थ्य व धन के साथ अपने परिवार की खुशियों को बचा सकें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने व खेलों की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अगर उनके आस-पास कोई नशा करता या बेचता हुआ पाया जाता है तो इसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें। इसके लिए मानस पोर्टल व हेल्पलाइन न. 1933 पर काल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं इसके अलावा अपने नजदीकी थाना चौकी में भी इसकी सूचना दे सकते हैं।