डबवाली। डबवाली निवासी एक नव विवाहिता व युवक के शव किलियांवाली रोड स्थित जलघर की डिग्गी (टैंक) में मिले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची किलियांवाली पुलिस ने दोनों शवों को लोगों की सहायता से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए मलोट के सिविल अस्पताल में भेज दिया। जहां परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिए।
पुलिस को दिए बयान में नव विवाहिता के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी बेटी का विवाह हनुमानगढ़ निवासी युवक के साथ हुआ था। जिसके बाद वह घर आई हुई थी। बुधवार वह घर पर बाजार से सामान लाने का कहकर गई थी, लेकिन जब वह नहीं लौटी तो उन्होंने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। वीरवार सुबह उन्हें सूचना मिली की जलघर की डिग्गी से एक युवक व युवती का शव निकाला गया है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो मृतक लड़की की पहचान अपनी बेटी के तौर पर की।
उधर, मृत युवक के भाई ने बताया कि उसका भाई बुधवार से घर नहीं लौटा था। सूचना मिलने पर वह किलियांवाली जलघर पहुंचे और मृतक की पहचान अपने भाई के तौर पर की। मामले की जांच कर रहे किलियांवाली चौकी के एएसआई राजवीर सिंह ने बताया कि वीरवार को किलियांवाली जलघर की डिग्गी में दो शव होने की सूचना मिली थी। मृतकों के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।