सिरसा। चिटफंड कंपनी बनाकर लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगे करने वाले अंतर राज्य गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ जोधा निवासी गांव संघा, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सुभाष और उसका भाई श्याम सुंदर निवासी गुड़िया खेड़ा सिरसा तथा लाभ सिंह उर्फ लवली निवासी समाना, पंजाब की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। इस संबंध में पतली डाबर निवासी लखबीर सिंह ने 1 जनवरी को शहर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपियों ने मिलकर साजिश के तहत विजन मार्केट के नाम से चिटफंड कंपनी का बनाई थी। इसका सिरसा में कार्यालय स्थापित किया गया था। ये लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर कंपनी में पैसा लगवाने को कहते थे।वर्ष 2021 व 2022 की अवधि के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के करीब 1500 लोगों से 24 से 25 करोड़ रुपये की ठगी की थी, जो अब तक सामने आई है। एसपी ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से ठग गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से की गई ठगी की राशि भी बरामद की जाएगी।