पुलिस टीम की गिरफ्त में जिंदल अस्पताल में लूट का आरोपी । संवाद।
- आरोपी पर हत्या प्रयास, लूट, डकैती, चोरी सहित 15 मामले दर्ज, चार मामलों में पीओ
फोटो : 1
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली के जिंदल अस्पताल में चिकित्सक की मां और स्टाफ को बंदी बनाकर नकदी और जेवरात लूटने के मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। डबवाली पुलिस व काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी बलकार उर्फ जसप्रीत उर्फ जस्सा निवासी बलीपुर थाना मुल्लांपुर दाखा जिला लुधियाना से काबू किया। इसी मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या का प्रयास, लूट, डकैती व चोरी सहित 15 मामले दर्ज हैं। अदालत ने चार मामलों में आरोपी को पीओ घोषित किया हुआ है।
गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी सहायक सब इंस्पेक्टर जगपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में रेणु जिंदल ने बताया था कि 22 जुलाई को सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब वह अस्पताल के ऊपर बने घर में आराम कर रही थी। इसी दौरान चार युवक उनके स्टाफ अजय के साथ बर्फ लेने के बहाने आए। युवकों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर घर में रखी 15 लाख नकदी व जेवरात लूटे लिए और सीढि़यों में बने गेट की कुंडी लगाकर फरार हो गए। फोन कर रेणु ने अपने बेटे जिम्मी जिंदल को सारी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया।
अस्पताल में लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों के फोटो जारी किए थे और जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब शनिवार को पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया
पुलिस के अनुसार आरोपी बलकार उर्फ जसप्रीत उर्फ जस्सा को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। तीन दिन के रिमांड में पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करेगी और अन्य आरोपियों की जानकारी हासिल करेगी।