नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी में लगाई गई एलईडी। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। नागरिक अस्पताल में अब दवाई लेने के लिए मरीजों को कतार में खड़े होकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। मरीजों को अब टोकन के माध्यम से दवाई दी जाएगी। टोकन की संख्या डिस्पेंसरी के बाहर खिड़की पर लगी एलईडी पर दिखाई देगी। ऐसे में मरीज टोकन के अनुसार डिस्पेंसरी से दवाई ले सकेंगे।
नागरिक अस्पताल में हर रोज एक हजार के मरीज जांच करवाने के लिए पहुंचते हैं। डॉक्टर से जांच करवाने के बाद मरीजों को दवाई लेने के लिए भेज दिया जाता है। ऐसे में अस्पताल की डिस्पेंसरी में मरीज या उनके परिजनों को करीब एक घंटे तक लाइन में लगना पड़ता है, तब जाकर उनका नंबर आता है और दवाई मिल पाती है। ऐसे में मरीजों व उनके परिजनों को सुविधा देने के लिए डिस्पेंसरी के बाहर अलग-अलग एलईडी लगाई गई है। यहां पर कुल चार खिड़कियों पर मरीजों को दवाई उपलब्ध करवाई जाती है। मरीजों की पर्ची जमा करने के बाद उन्हें टोकन दिया जाएगा। मरीजों की बारी आने के बाद उसकी टोकन संख्या एलईडी पर दिखाई देगी। इसके बाद मरीज खिड़की में पहुंचकर दवाई प्राप्त कर सकेगा ।
हर रोज एक हजार मरीज जांच करवाने के लिए पहुंचते हैं मरीज
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में हर रोज एक हजार से अधिक मरीज जांच करवाने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को पहले पर्ची के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ता और बाद में डॉक्टर से जांच करवाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है। इसके बाद दवाई लेने के लिए मरीज काफी समय तक इंतजार करते है। एलईडी पर टोकन संख्या होने के कारण मरीजों को यहां पर काफी आराम मिल सकेगा और परेशान नहीं होना पड़ेगा।
वर्जन
अस्पताल की डिस्पेंसरी में टोकन के अनुसार अब मरीजों को दवाई उपलब्ध करवाई जाएगी। मरीजों को अब कतार में खड़ा होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। टोकन का नंबर आने के बाद मरीज डिस्पेंसरी से दवाई ले सकेंगे। - डॉ. संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।