सिरसा। त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर परिषद की ओर से अब शहर को साफ रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद की ओर से शहर के मुख्य बाजारों में रात को भी कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियों को भेजा जाएगा, जबकि डंपिंग प्वाइंटों पर दो ट्रॉलियां खड़ी की जाएगी। दुकानदार सीधा कूड़ा ट्रॉली में ही डाल सकेंगे। अगर कोई दुकानदार इसके बाद भी दुकान के बाहर कूड़े का ढेर लगाते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिरसा शहर में कुल 227 कर्मचारी सफाई का काम कर रहे है। हर रोज 90 से 100 टन कूड़ा निकलता है। जिसे बकरियांवाली प्लांट में भेजा जाता है। दुकानदार रात के समय दुुकान का कूड़ा रोड पर डाल देते है। बरसात और तेज हवा के कारण बाजार का कूड़ा फैल जाता है। इसके कारण अगले दिन दुकानदार और आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों की सुविधा के लिए नगर परिषद की गाड़ियां अब रात को बाजारों में चक्कर लगाती हुई नजर आएगी। दुकानदार इन गाड़ियों में कूड़ा डाल सकेंगे।
नप ने मंगवाई 100 हाथ वाली नई रेहड़ियां
नगर परिषद ने कर्मचारियों को हाथ वाली रेहड़ियां दे रखी हैं, जिनकी स्थिति अब खराब हो चुकी है। इसके बाद नगर परिषद मुख्य सफाई निरीक्षण राजकुमार ने 100 नई हाथ वाली रेहड़ियां नप से मांगी है। पुरानी रेहड़ियों के टूटने के कारण कूड़ा गिरने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। जिसके पश्चात 100 नई हाथ वाली रेहड़ियों की मांग की गई है।
डंपिंग प्वाइंट पर खड़ी होंगी बड़ी ट्रॉलियां
शहर के डाकघर के समक्ष और बस स्टैंड के समक्ष बने डंपिंग प्वाइंट पर नगर परिषद की ओर से बड़ी ट्रालियां खड़ी की जाएगी। इन डंपिंग प्वाइंटों पर दिनभर गंदगी और आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। दिनभर पशु कूड़े में मुंह मारते है और दूर तक कूड़ा फैला देते है। बेसहारा पशुओं से कूड़े को बचाने के लिए नगर परिषद की ओर से ट्रालियां खड़ी की जाएगी। जिनके भरने के बाद इन ट्रॉलियों को बकरियांवाली प्लांट में भेज दिया जाएगा।
रात को शहर से निकल रहा 10 टन कूड़ा
नगर परिषद की ओर से अब रात को भी शहर में सफाई कार्य करवाया जा रहा है। बाजारों से रात को 10 टन के करीब कूड़ा निकल रहा है। स्विपिंग मशीन और सफाई कर्मचारी रात को सफाई कर रहे है। जबकि रोड़ी बाजार, नोहरिया बाजार, भादरा, हिसारिया और सदर बाजार में गाड़ियां चक्कर लगा दुकानदारों का कूड़ा एकत्र कर रही है।
सफाई व्यवस्था में सुधार करने के लिए बाजारों में रात को भी नगर परिषद की पांच गाड़ियां भेजी जा रही है। हाथ वाली छोटी 100 रेहड़ियों की मांग भी की गई है। डंपिंग स्टेशनों पर बड़ी ट्राली खड़ी की जाएगी। इनमें ही दुकानदार दुकान का कूड़ा डाल सकेंगे।
-राजकुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद सिरसा