शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते एसपी दीपक सहारन।
सिरसा। बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारन सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सिरसा में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सब इंस्पेक्टर हंसराज और सब इंस्पेक्टर हरनाम सिंह के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि शहीद देश की अमूल्य धरोहर हैं। देश और समाज की रक्षा के लिए उनका त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनकी शहादत पुलिस बल के प्रत्येक जवान को ईमानदारी और निष्ठा से ड्यूटी निभाने की प्रेरणा देती है। पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस शहीदों को याद करने के साथ उनके आदर्शों पर चलने और देशसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। शहीदों के परिवारों का सम्मान बनाए रखना पुलिस विभाग और समाज की जिम्मेदारी है।
एसपी ने बताया कि हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में यह दिवस शुरू किया गया था। इस वर्ष देशभर में एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक शहीद हुए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 154 जवानों के नामों का वाचन कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शदीप सिंह, डीएसपी सुखबीर सिंह, डीएसपी राजेश कुमार और डीएसपी राजवीर सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन किया।