संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। मार्केट कमेटी के चेयरमैन सतीश जग्गा ने शनिवार को सब्जी मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और किसानों व आढ़तियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मंडी में अब न तो मंथलीखोरी चलेगी और न ही बेगार। किसी भी प्रकार की मनमानी, अव्यवस्था या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेयरमैन ने कहा कि सब्जी मंडी की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी किसान, मजदूर या व्यापारी बिना झिझक उनसे कभी भी मिल सकता है। शिकायत या सुझाव मिलने पर नियमों के तहत तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
किसानों और आढ़तियों से बातचीत में सतीश जग्गा ने कहा कि पूर्व सरकारों के समय मंडी में कर्मचारियों द्वारा मंथली लेने, बिना भुगतान फल-सब्जी उठाने और संपत्ति ट्रांसफर में भ्रष्टाचार की शिकायतें आम थीं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज भी कोई कर्मचारी बेगार में फल-सब्जी उठाता है या अनुचित मांग करता है तो किसानों और आढ़तियों को निडर होकर साफ मना करना चाहिए और तुरंत उनके संज्ञान में लाना चाहिए। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।