सिरसा। नगर परिषद में मैनुअल तौर पर प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया बंद कर दी गई है। अब ऑनलाइन शिकायतें आनी शुरू हो गई और तेजी से इनकी संख्या बढ़ी है। नगर परिषद के एनडीसी पोर्टल पर रोजाना 130 के करीब शिकायतें दर्ज हो रही हैं।वहीं दूसरी ओर अप्रुव्ड, अनप्रुव्ड, पार्ट आईडी और नई आईडी बनाने को लेकर जिम्मेदारी नगर परिषद एमई और जेई को सौंप दी गई है। ये मौका निरीक्षण कर त्रुटियों को दूर करेंगे।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह ने कार्यालय में ज्वाइनिंग करने के साथ ही प्रॉपर्टी आईडी में ऑफलाइन त्रुटियां दूर करने की प्रक्रिया को बंद कर दिया है। अब छोटी से लेकर बड़ी गलती को दुरुस्त करवाने के लिए शिकायत ऑनलाइन पोर्टल पर आ रही है। प्रॉपर्टी मालिक का नाम गलत होने, मोबाइल गलत होने, प्लाट नंबर गलत होने, किसी दूसरे के नाम प्लाट होने, एरिया कम या अधिक दिखाए जाने सहित अन्य शिकायतों का अब पोर्टल के माध्यम से ही समाधान किया जा रहा है।
इससे पहले प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को दूर करवाने के लिए नगर परिषद अपने स्तर पर ही ऑफलाइन दस्तावेज लेकर त्रुटियां दूर कर देता था, जो सीधे तौर पर सरकारी आदेश की अवहेलना थी, क्योंकि प्रदेश सरकार और निकाय विभाग ने स्पष्ट आदेश जारी किए हुए थे कि प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी सभी शिकायतों का निपटान ऑन लाइन के माध्यम से किया जाएगा। अब नए ईओ ने ऑफलाइन फाइलों का निपटान देखा तो तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी। सूत्रों की माने तो सरकार के बंद करने के बाद ऑफ लाइन प्रक्रिया से फाइलों के निपटान पर भ्रष्टाचार सहित कई तरह के आरोप लगने का अंदेशा रहता है। इसलिए ईओ ने आने के साथ ही मैनुअल फाइनल निपटान को बंद करवाया।
पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की दो स्तरों पर हो रही जांच
नगर परिषद के एनडीसी पोर्टल पर शिकायत ऑनलाइन होने के बाद नगर परिषद की ओर से इसकी दो स्तरों पर जांच की जा रही है। मेकर पर जांच होने के बाद उसे चेकर पर जांच करने के लिए भेजा जा रहा है। मोबाइल नंबर, नाम, प्लाट नंबर, क्षेत्र, फोटो गलत अपलोड होने संबंधित शिकायतों का समाधान अधिकारियों के तरफ से दस्तावेजों के आधार पर ही किया जा रहा है। पार्ट आईडी बनाने, नई आईडी बनाने, अप्रूव्ड और अनअप्रूव्ड क्षेत्र की आईडी में बदलाव करने के लिए जेई और एमई मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
मेकर पर 100 और चैकर पर 300 फाइलें लंबित
ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने के बाद 130 शिकायतें हर रोज नगर परिषद के पास पहुंच रही है। इनमें से अब 100 शिकायतें मेकर और 300 शिकायतें चैकर पर लंबित हैं। इससे पहले इन फाइलों की संख्या काफी अधिक थी। सख्ती किए जाने के बाद नगर परिषद कर्मचारी अब जल्द ही इन शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। बता दे कि शहर में करीब 90 हजार प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई थी। इनमें अधिक प्रॉपर्टी आईडी में काफी त्रुटियां है।
प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को दूर करने के लिए ऑफलाइन प्रक्रिया बंद कर दी गई है। ऑनलाइन ही शिकायतों को ठीक किया जा रहा है। हर रोज ऑनलाइन 130 के करीब शिकायतें आ रही हैं। इनकी दो स्तरों पर जांच की जा रही है। - मुनीष सैनी, इंचार्ज, प्रॉपर्टी आईडी ब्रांच, नगर परिषद सिरसा।