जिला भर में पुलिस अधीक्षक सिरसा डॉ. अरुण सिंह के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने लाखों रुपये की अफीम के साथ कार सवार एक व्यक्ति गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान महत्वपूर्ण सुचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमाल क्षेत्र से कार सवार एक व्यक्ति को 11 किलोग्राम अफीम के साथ काबू किया गया है, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
जानकारी देते हुए डीएसपी आर्यन चौधरी और सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने संयुक्त रुप से बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस के उपनिरीक्षक सतबीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम चोपटा क्षेत्र के जमाल गांव में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कार में सवार एक व्यक्ति मध्यप्रदेश से अफीम की एक बड़ी खेप लेकर नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में अफीम सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना को पाकर सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने जमाल क्षेत्र में सेमनाला के पास नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से आ रही कार को शक के आधार पर रोककर कार की तलाशी लेने पर उक्त कार में से 11 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान दिनेश कुमार निवासी वार्ड नं. 6, तुरकिया मंदसौर मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह अफीम आरोपी द्वारा मध्यप्रदेश क्षेत्र से लाई गई थी और उसे चोपटा क्षेत्र के गांव दड़बा और अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध में थाना नाथूसरी चोपटा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर व अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
कार की सीट के नीचे छिपाकर लाया था अफीम
मध्यप्रदेश का रहने वाला तस्कर दिनेश अपनी कार में ड्राइवर सीट के नीचे दो लिफाफों में अफीम छिपाकर लाया था। उसने यह अफीम सिरसा के दड़बा गांव के जयवीर बैनीवाल को सप्लाई करनी थी। जयवीर से उसकी मुलाकात जेल में हुई थी। क्योंकि दिनेश पर सिरसा में दो किलो 100 ग्राम अफीम सप्लाई करने पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज हो चुका है। वहीं उसके खिलाफ पंजाब के लुधियाना में भी चार किलो अफीम सप्लाई करने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। दिनेश की सिरसा जेल में मुलाकात जयवीर बैनीवाल से हुई थी, इसके बाद भी जयवीर को अफीम सप्लाई करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। मध्यप्रदेश से वह बुधवार को सिरसा के लिए निकला और वीरवार को सिरसा पुलिस ने उसे जमाल के पास पकड़ लिया। जयवीर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के करीब चार मामले दर्ज हैं।