सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 10 लाख रुपये का चूरापोस्त बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिरमाराम निवासी गांव सुखलाब जिला नागौर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि 13 सितंबर 2023 को एंटी नारकोटिक्स सेल ऐलनाबाद ने गश्त के दौरान गांव तलवाड़ा खुर्द के क्षेत्र से दो गाड़ियों में सवार चार तस्करों को काबू कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये का 170 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया था। सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले थे। यह चूरापोस्त राजस्थान से लेकर आए थे और पंजाब में ले जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी हासिल की गई। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य सप्लायर बिरमाराम को उसके गांव क्षेत्र से काबू कर लिया।