- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं होंगी सम्मानित
फोटो- 19
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से महिला सशक्तीकरण से जुड़ीं अनेक प्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं भाग लेंगी। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी व सैंड आर्ट शो के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की झलक दिखाई देगी ।
150 से अधिक महिलाएं होंगी सम्मानित
महिला दिवस पर 150 से अधिक विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इसको लेकर सूची तैयार की जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डाॅ. दर्शना सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और महिला सशक्तीकरण से जुड़ीं विभिन्न योजनाओं पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।
सैंड आर्ट शो से दर्शाएंगे महिला सशक्तीकरण
दर्शना सिंह ने बताया कि सैंड आर्ट शो के माध्यम से कलाकार रेत पर कलाकृतियों के माध्यम से महिला शक्ति, सम्मान और समाज में उनकी भूमिका को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करेंगे। इस कला प्रदर्शन के जरिए महिला सशक्तीकरण का संदेश लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा। समारोह में समाज, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, प्रशासन, सामाजिक सेवा और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं पहुंचेंगी। यह राज्यस्तरीय समारोह महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।