जिला सिविल अस्पताल में 300 बेड के अस्पताल बनाने की योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन, नगर परिषद व एचएसवीपी को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से 300 बेड के अस्पताल के लिए 20 एकड़ जगह उपलब्ध करवाने के लिए लिखा है। हाल में सिरसा का सामान्य अस्पताल 100 बेड का अस्पताल है। जिसमें बेडों की संख्या से कई गुना अधिक मरीज हैं। अस्पताल में बेडों की कमी होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर जनाना वार्ड में महिलाएं एक ही बेड पर दो सोने को मजबूर हैं। अस्पताल में बेडों की कमी होने के कारण मरीजों के साथ आए परिजनों को नीचे चदर बिछाकर सोना पड़ रहा है।
बीती 21 सितंबर को महानिदेशक ने किया था दौरा
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. सूरजभान कंबोज ने नागरिक अस्पताल का दौरा किया था। जिसके दौरान जब डॉ. सूरजभान कंबोज ने जनाना वार्ड का दौरा कर हाल देखा तो उन्होंने सीएमओ को कहा कि वह 300 बेड के अस्पताल के लिए जिला प्रशासन द्वारा उनको पत्र भिजवाएं। क्योंकि यहां पर मरीजों को बेडों की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नागरिक अस्पताल में सुविधाओं की कमी को देखते हुए इसका विस्तार किए जाने का प्रस्ताव रखा। अस्पताल प्रशासन से 300 बेड का नया अस्पताल बनाने के लिए जगह उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये थे।
सैकड़ों मरीज लेते हैं सिविल अस्पताल से दवाई
वहीं डॉ. वीना ने बताया कि सिविल अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज दवाई लेने आते हैं। ज्यादातर मरीज अन्य पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब तथा राजस्थान के भी आ जाते हैं। इसका कारण है कि यहां पर स्टाफ बहुत ही अच्छा है जो जनता की सेवाओं के लिए हमेशा तत्पर रहता है। जिस कारण से अगर नया बड़ा अस्पताल बन जाएगा तो लोगों के लिए सुविधाएं और बढ़ जाएंगी तथा मरीजों को भी कोई परेशानी नहीं आएगी।