सिरसा। उपायुक्त कार्यालय के समाधान शिविर में तीसरे दिन सेक्टर 20 एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रधान राजपाल की अध्यक्षता में उपायुक्त से मिले। उन्होंने बताया कि सेक्टर से आठ से ज्यादा कार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और पुलिस ने आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस पर उपायुक्त आरके सिंह ने एसपी विक्रांत भूषण की ओर इशारा किया। वहीं जैसे ही समाधान शिविर खत्म हुआ तो एसपी विक्रांत भूषण हुडा चौकी पहुंच गए। वहां पर उन्होंने सिविल लाइन थाना प्रभारी व उनकी टीम और राइडर आदि को बुला लिया।
इसके साथ ही सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी प्रधान राजपाल सिंह के साथ पहुंच गए। इस दौरान एसपी ने हुडा चौकी प्रभारी और सिविल लाइन थाना प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। वहीं चोरी के मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
वहीं मौके पर मौजूद एसोसिएशन के प्रधान राजपाल सिंह ने कहा कि वह स्वयं रिटायर्ड अधिकारी हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों की विभाग में कमी है। इन्होंने गलती की है तो इनकी खिंचाई कीजिए। इन्हें सेक्टर की सुरक्षा पर लगाइए।
सस्पेंड न करे। इसके बाद एसपी ने सेक्टरवासियों से कहा कि घरों में जगह होने पर गाड़ियां कृपा घरों के अंदर रखें ताकि ऐसी घटनाएं न हो। यदि ऐसा नहीं कर सकते हैं तो पार्किंग की जगह बता दीजिए, वहां पर गाड़ियां खड़ी कर दें। जिससे पुलिस वहां पर रात में ड्यूटी पर गाड़ियों की सुरक्षा कर सके।
इस पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिनके घरों में जगह पर है वे अपने घरों में गाड़ियां खड़ी कर लेंगे। इसके अतिरिक्त नाके लगवाने और गश्त करवाने का कष्ट करें। इस एसपी ने सुरक्षा का आश्वासन दिया। उपायुक्त कार्यालय के समाधान शिविर में तीसरे दिन जिले भर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें बुजुर्गों से लेकर शहर के मौजिज लोग तक शामिल थे। सभी को उम्मीद थी कि उनकी सुनवाई होगी।
लगाए जाएंगे नाके
एसपी ने सिविल लाइन थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को आदेश दिए कि एसोसिएशन के कहे अनुसार सुरक्षा के तौर पर सेक्टर की तीन दिशाओं में नाके लगवाए। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर दोनों प्रभारियों ने नाके लगाने की जगहों का निरीक्षण किया और राइडर को आदेश दिये कि वह रात में गश्त करेंगे।