विरोध जताते बार एसोसिएशन कालांवाली के पदाधिकारी व सदस्य।
एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन, पुलिसकर्मियों पर है आरोप
फोटो 29
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। पुलिसकर्मियों द्वारा एक अधिवक्ता से अभद्र व्यवहार के विरोध में बार एसोसिएशन कालांवाली ने बुधवार को कार्य स्थगित रखा। अधिवक्ताओं ने डबवाली पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इसके बाद कालांवाली और डबवाली के अधिवक्ताओं ने डबवाली में पुलिस अधीक्षक जैसलीन कौर से मुलाकात की। पुलिस अधीक्षक जैसलीन कौर ने अधिवक्ताओं की बातों को ध्यानपूर्वक सुना।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता के आरोप
अधिवक्ता कुलदीप सिंह ने बताया कि वे अपने गांव जगमालवाली से कालांवाली उपमंडल न्यायालय आ रहे थे। जगमालवाली के जलघर के पास डायल 112 गाड़ी के स्टाफ ने उन्हें रोका। स्टाफ में जगदेव सिंह, बलजीत सिंह और शंकर लाल शामिल थे। कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। बिना राजपत्रित अधिकारी की अगुवाई के उनकी तलाशी ली गई और मोबाइल पर फोटो खींची गई। उन्होंने कहा कि डायल 112 टीम का काम केवल पेट्रोलिंग करना है। इस विरोध प्रदर्शन में डबवाली बार एसोसिएशन के प्रधान राजपाल सिधु, कालांवाली बार के उप प्रधान विक्रम श्योराण और सचिव सतीश सिंगला सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।