फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: धनतेरस पर 3 दुकानों से लाखों रुपये की चोरी

विज्ञापन
घटना की जानकारी देता दुकानदार अनमोल।
विज्ञापन
सिरसा। बरनाला रोड पर धनतेरस पर शनिवार अलसुबह एक चोर ने तीन दुकानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से दो लाख 60 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गया है। चोर की मंशा तो नौ दुकानों पर चोरी की थी, लेकिन उसे सफलता तीन में ही मिली। ये वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गईं।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित दुकानदारों का बयान दर्ज कर अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, विधायक गोकुल सेतिया ने भी दुकानदारों से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक अज्ञात शख्स ने बरनाला रोड पर अल सुबह तीन दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बयान दर्ज कर अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर जल्द ही चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन




दरअसल, बरनाला रोड पर अनमोल बुक सेंटर नाम से दुकान है। दुकान मालिक अनमोल निवासी हुडा सेक्टर 20 पार्ट टू ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे दुकान मंगल की थी। शनिवार सुबह आठ बजे सफाईकर्मी धर्मचंद ने अनमोल को फोन कर बताया कि तुम्हारी दुकान का ताला टूटा पड़ा है। इसके बाद अनमोल दुकान में पहुंचा तो शटर का ताला टूटा मिला।

अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से दो लाख रुपये गायब मिले। इसके बाद अनमोल ने पड़ोस की दुकानें देखी तो उनके भी ताले टूट मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। अनमोल ने बताया कि सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।

15 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

अनमोल ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उसमें चोरी की वारदात कैद मिली। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति अल सुबह सवा चार बजे दुकान में घुसता है और साढ़े चार बजे तक वारदात को अंजाम देकर दुकान से बाहर चला जाता है।





सिंधू फोटोस्टेट से चुराये 50 हजार

अनमोल बुक सेंटर के साथ ही चोर ने सिंधू फोटोस्टेट की दुकान में ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। दुकानदार गांव गिंदडा निवासी चंद्रपाल ने बताया कि शनिवार सुबह अनमोल बुक सेंटर के संचालक अनमोल ने उसे फोन कर सूचना दी कि दुकान का ताला टूटा पड़ा है। इसके बाद वह दुकान में पहुंचा,गल्ला जांचा तो 50 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।

ग्राम रसोई में हुई तीसरी वारदात

चोरी की तीसरी वारदात ग्राम रसोई में हुई। संचालिका गांव मुसाहिबवाला निवासी सरोज ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे उसके पास पड़ोसी दुकानदार का फोन आया था। उसने बताया कि दुकान का ताला टूटा पड़ा है। वह दुकान पहुंची और अंदर जाकर देखा तो गल्ला खुला पड़ा था। चोर गल्ले से 10 हजार रुपये चुराकर ले गया है।







अल सुबह गश्त बढ़ाए पुलिस

पीड़ित दुकानदार अनमोल व चंद्रपाल ने बताया कि सुबह आसपास की करीब नौ दुकानों के ताले सुबह टूटे मिले थे। चोर केवल तीन दुकानों में वारदात करने में सफल हुआ। दुकानदारों का कहना है कि चोरी की वारदात अल सुबह ज्यादा होती हैं,इसलिए इस समय पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें