संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव पन्नीवाला मोटा में ट्रक से गेहूं उतारते समय पैर फिसलने से नीचे गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना के बाद ओढ़ां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में पुलिस ने इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है।
गांव पन्नीवाला मोटा में स्थित राशन डिपो पर शनिवार की रात कुछ मजदूर डिपो के राशन से भरे एक ट्रक में से राशन उतारकर दूसरे ट्रक में लाद रहे थे। इसी दौरान ट्रक के ऊपर चढ़े मजदूर 58 वर्षीय राजकुमार निवासी कालांवाली का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे पक्के फर्श पर सिर के बल गिर गया। इस दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आने के चलते उसे सिरसा अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
एएसआई लक्खा राम ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने मृतक राजकुमार के पुत्र मोनू के बयान पर इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।