डबवाली में गुरु गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम
डबवाली। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर ट्रस्ट एवं यूथ ट्रस्ट की ओर से गुरु गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम में तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खुइयां मलकाना की टीम ने जीत हासिल की।
यूथ ट्रस्ट के प्रधान भारत नाहर ने बताया कि इस तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में डबवाली और आसपास के क्षेत्र की कुल 48 टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों के बाद 8 टीमों के बीच नॉकआउट मैच खेले गए, जिसके बाद चार टीमों के बीच सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में खुइयां मलकाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांडीखेड़ा की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि हांडीखेड़ा की टीम उपविजेता रही।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच के शुभारंभ अवसर पर युवा नेता कुंवरवीर सिंह हिंटलर बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और पहली गेंद खेलकर मुकाबले का शुभारंभ करवाया।