संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अनाज मंडियों में नरमे की आवक शुरू हो गई है, लेकिन मार्केट कमेटी ने अभी तक प्रबंधों को लेकर किसी भी तरह की तैयारी नहीं की है। मंडी में न तो शेडों की मरम्मत की गई है, न ही सफाई, पेयजल सहित अन्य कोई भी व्यवस्था है। इसके अलावा बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा हुआ है। इसके चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक से डेढ़ सप्ताह तक मंडियों में धान की आवक भी शुरू होने की उम्मीद है। आढ़ती एसोसिएशन ने 15 सितंबर तक व्यवस्था बनाने को लेकर मार्केटिंग बोर्ड को चेतावनी दी है। आढ़तियों का कहना है कि अगर 15 तक काम शुरू नहीं होता तो वह आंदोलन करेंगे। शहर में अलग-अलग चार मंडियां करीब 50 एकड़ में फैली हुई है। इसमें जिलेभर के किसान अपनी आवक लेकर पहुंचते हैं। सरकार ने खरीफ फसल की एमएसपी पर खरीद को लेकर खरीद केंद्रों का चयन भी कर लिया गया है, लेकिन अभी तक इन केंद्रों पर बिजली, पानी, सफाई, शेड, बेसहारा पशुओं का समाधान करने को लेकर कोई भी तैयारी नहीं की गई है। मंडी में दो बड़े शेड हैं, जोकि क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और छत भी टूटी हुई है।
27 खरीद केंद्रों पर होगी पीआर धान की एमएसपी पर खरीद
जिले में सरकार की ओर से 27 केंद्रों पर पीआर धान की खरीद की जाएगी। सरकार ने ए ग्रेड वाले धान का एमएसपी 2203 व कॉमन धान का 2183 रुपये तय किया है। इस बार नरमे का भाव अधिक होने के चलते सीसीआई ने एमएसपी पर खरीद को लेकर कोई भी तैयारी नहीं की है। निजी व्यापारियों की ओर से 7000 से 7250 रुपये प्रति क्विंटल नरमे की खरीद की जा रही है। जबकि सरकार ने 6620 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल नरमे का भाव तय किया है। मंडियों में अब तक करीब 10 हजार क्विंटल नरमे की आवक हो चुकी है।
मूंग की खरीद के लिए केंद्र : सिरसा, ऐलनाबाद, डबवाली, डिंग, कालांवाली
बाजरे की खरीद के लिए बने केंद्र : सिरसा, रानियां, डबवाली, ऐलनाबाद, गोरीवाला
-
मक्का खरीद केंद्र : सिरसा।
-
मूंगफली खरीद के लिए केंद्र : ऐलनाबाद, डिंग और नाथूसरी चोपटा
-
धान की खरीद के लिए बनाए केंद्र : सिरसा, अबूबशहर, अलीका, बणी, बडागुढ़ा, भावदीन, चट्ठा, डबवाली, दड़बी, डिंग मंडी, डिंग मोड़, देसूजोधा, ऐलनाबाद, जीवननगर, कालांवाली, केहरवाला, कुत्ताबढ़, लोहगढ़, मल्लेकां, मोजगढ़, रानियां, रोड़ी, सुचान कोटली, सुरतिया, थीराज, फग्गू।
आढ़ती बोले- डेढ़ वर्ष पहले लगाया था टेंडर, अब तक शुरू नहीं हुआ काम
मंडी के शेड को दुरुस्त न किए जाने के कारण आढ़ती एसोसिएशन में काफी रोष है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मनोहर मेहता का कहना है कि डेढ़ वर्ष पहले शेड की मरम्मत व निर्माण को लेकर टेंडर लगाया गया था। अभी तक इसका कार्य तक शुरू नहीं हो पाया है। सीजन सिर पर है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 सितंबर तक मंडी में शेड के निर्माण को लेकर कोई भी कार्य नहीं किया गया तो वह मार्केट कमेटी कार्यालय को घेराव कर धरना प्रदर्शन करने को भी मजबूर होंगे। निर्माण को लेकर वह पहले भी अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं और अब आरटीआई लगाकर इस संबंध में जानकारी भी मांगेंगे।
वर्जन
अनाज मंडी में शेड को लेकर मार्केटिंग बोर्ड अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। दो शेड क्षतिग्रस्त है। खरीद को लेकर तैयारी की जा रही है। जल्द ही व्यवस्था कर दी जाएगी। - विरेंद्र मेहता, सचिव मार्केट कमेटी, सिरसा।