रानियां। सीबीएसई क्लस्टर -16 खो-खो चैंपियनशिप में खारियां पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की अंडर-14 गर्ल्स और अंडर-19 गर्ल्स टीमों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। इस चैंपियनशिप में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था।
दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में खेल कौशल, अनुशासन और आपसी सहयोग का परिचय दिया। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपनी मजबूत रणनीति और बेहतरीन तालमेल दिखाया। खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी।
विज्ञापन
लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद दोनों टीमों ने अपने-अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। एक ही प्रतियोगिता में विद्यालय की दोनों टीमों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना स्कूल के लिए गौरव की बात है। छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की नियमित मेहनत और अभ्यास को दिया। कोच रवि का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।