संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय में विद्यार्थियों की कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता कला तरंगिणी का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य अनीता सिंह ने की।
कार्यक्रम का संयोजन सांस्कृतिक गतिविधियों की संयोजिका स्मृति कम्बोज की देखरेख में किया गया। समारोह में महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रेम कम्बोज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्राचार्य अनीता सिंह ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए भी मंच उपलब्ध कराता है। अनीता सिंह ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में मंचीय प्रस्तुतियां देकर परिसर को कला के रंगों से सराबोर कर दिया। मंच संचालन साक्षी, सरबजीत कौर और कुणाल ने किया। निर्णायक मंडल में सरस्वती और करण नड्डा शामिल रहे। संगीत संगत में गिटार पर विनेश, कीबोर्ड पर विक्रम और तबले पर रमन ने सहयोग दिया।
नृत्य प्रतियोगिता के विजेता : पंजाबी नृत्य में रजनी बाला प्रथम, सेजल द्वितीय और सिमरजीत सिंह तृतीय रहे। हरियाणवी नृत्य में उदयपाल प्रथम, शिवा द्वितीय और जैस्मिन तृतीय रहे।
समकालीन नृत्य में उदयपाल प्रथम, कंचन द्वितीय और नीतू तृतीय रहीं। एकल गायन में वंश और भूमिशा संयुक्त रूप से प्रथम रहे। रितेश, देव और पलक संयुक्त रूप से द्वितीय तथा हिमांशु और गगन संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।