शहीद कृष्ण कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए जेजेपी नेता व अन्य।
सिरसा। जननायक जनता पार्टी परिवार ने शनिवार को पूरे देश में मनाए जा रहे कारगिल विजय दिवस पर देश के उन सभी बहादुर जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता दर्शाई जिन्होंने अपने वतन की खातिर अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। इसी कड़ी में जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बेगू रोड स्थित गोल डिग्गी चौक पहुंचकर चौक पर स्थित गांव तरकांवाली के जांबाज सिपाही शहीद कृष्ण कुमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि आज हम उन सभी शहीदों को नमन करते हैं जिन्होंने कारगिल युद्ध में अपनी शहादत दी और देश को आंच नहीं आने दी। डॉ. चौटाला ने कहा कि आज का दिन हमारे सेना के जवानों पर गर्व करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि जब-जब देश की सीमाओं को पार करने का दुश्मनों ने साहस किया है, तब-तब हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों के दांत खट्टे किए हैं। उन्होंने कारगिल दिवस पर इस युद्ध में भाग लेने वाले सभी वीर सैनिकों व बलिदानियों को जेजेपी पार्टी की ओर से नमन किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1999 में भारत व पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध में देशभर से 527 जवानों ने अपनी शहादत दी।