सिरसा। गांव अबूबशहर में बिजली का बकाया बिल वसूलने गए जेई पर उपभोक्ता ने हमला कर दिया। उपभोक्ता ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिस ने जेई का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में जेई जसविंदर सिंह ने बताया कि वह टीम के साथ बकाया बिल वसूलने के लिए गांव अबूबशहर गया हुआ था। उपभोक्ता नरेंद्र कुमार पर उसके दादा भजन सिंह के नाम से लगे मीटर का 5,400 रुपये ट्यूबवेल का और 8,721 रुपये घर का बिल बकाया था। बिल भरने का कहने पर नरेंद्र ने उससे बहस शुरू कर दी।
उसने कहा कि मीटर उखाड़ लो, वह एक महीने कुंडी लगा लेगा। इसके बाद कर्मचारियों ने उसका कनेक्शन काट दिया। इसके बाद नरेंद्र ने 5 हजार रुपये जमा करा दिए। जेई ने बताया कि उसने मीटर लगाने के लिए कर्मचारियों को भेज दिया। इसी दौरान नरेंद्र ने उसको अकेला पाकर मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। अन्य कर्मचारियों ने पहुंचकर बीचबचाव किया।
जांच अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि जेई जसविंदर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद