कालांवाली। नगर में भारतीय स्टेट बैंक के सामने बनी हुडा व्यावसायिक सीसी-3 भूमि पर 35 वर्षों से किए गए अवैध कब्जे पर प्रशासन ने शुक्रवार को पीला पंजा चलाया। अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम ने करीब 20 झुग्गी झोपड़ियों को तहस नहस कर दिया। झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को लेकर विरोध जताया और दिवाली पर्व तक का समय मांगा।
अधिकारियों ने कोई समय नहीं दिया ऐसे में लोग स्वयं ही अपना सामान हटाने में लग गए। दरअसल, हुडा कमर्शियल सीसी-3 भूमि के दुकानदारों की ओर से हाईकोर्ट में रीट दी गई है। इसी आधार पर शुक्रवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बिजली निगम रोड़ी के एसडीओ रवि कंबोज की अध्यक्षता कार्रवाई की गई। जब टीम जेसीबी को देख झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोग घबरा गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें माइक से चेतावनी दी कि वे झुग्गियों से अपना सामान बाहर निकाल लें। लोगों के सामान निकालने के बाद टीम ने झुग्गियों पर बुलडोजर चला दिया गया। कुछ लोग अपना सामान निकाल पाए और कुछ नहीं।
हमें नहीं मिला कोई सरकारी प्लाॅट या मकान
लोगों की मानें तो वे करीब 35-40 सालों से यहां पर रह रहे हैं और उनके यहां पर वोट भी हैं। उन्हें वोट के समय कहा गया था कि उन्हें सरकारी प्लाॅट या मकान बनाकर दिए जाएंगे। उन्हें मकान देना तो दूर उनकी झोपड़ियों को ही तोड़ दिया गया है। दससे उनका सामान भी नष्ट होने से दोगुणा नुकसान हुआ है। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि हम जब इस जगह पर बसे थे, तब जहां पर कोई भी मकान या दुकान नहीं थी और खाली सुनसान जगह थी। यहां पर करोड़ों के मकान व दुकान हो गए हैं तो उन्हें उठा रहे हैं।
अधिकारी नहीं दे पाए संतोषजनक जवाब
जब पीड़ित परिवारों ने हुडा विभाग के एसडीओ रमेश कुमार व जेई विनोद कुमार से शहर के अन्य जगहों पर किए गए स्थायी कब्जों पर कार्रवाई करने का पूछा तो वो अपने संबंधित एरिया के लोगों को नोटिस देने की बात कही। कार्रवाई पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का पीला पंजा सिर्फ और सिर्फ गरीबों पर ही चलता है। भगत सिंह मार्केट, रेलवे फाटक बाजार सहित शहर में हर जगह स्थायी व अस्थायी तौर पर अतिक्रमण करके कब्जा किया हुआ है। प्रशासन पता होने पर भी उन पर कभी कार्रवाई नहीं करता।
मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट बिजली निगम रोड़ी के एसडीओ रवि कंबोज के अलावा हुड्डा विभाग के एसडीओ रमेश कुमार, जेई विनोद कुमार, कालांवाली थाना प्रभारी सुनील सोढ़ी मौजूद रहे। इसके अलावा किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल व महिला पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।