सागवान चौक से आंबेडकर चौक तक कई अवैध कट किए बंद, रोड सेफ्टी के मद्देनजर प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
अवैध कटों के कारण रोजाना बिगड़ रही थी यातायात व्यवस्था, जाम से मिलेगी राहत सड़क सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम
फोटो - 13,14
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर की सड़कों पर सालों से जाम का कारण बने अवैध कटों को बंद करने की कार्रवाई आखिरकार शुरू हो गई है। सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।
बीएंडआर विभाग ने आंबेडकर चौक से 100 मीटर की दूरी पर स्थित अवैध कट को बंद करना शुरू कर दिया है। इसके बाद सागवान चौक से आगे के अन्य अवैध कटों को भी बंद किया जाएगा। वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए फिलहाल मौके पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं।
शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लोगों ने अपनी सुविधा के लिए कई अनधिकृत कट बना रखे थे। वाहन चालक इन कटों का इस्तेमाल एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए करते थे। समय के साथ इनकी संख्या बढ़ने से मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित होने लगी।
चालक अचानक अपने वाहन मोड़ देते थे जिससे पीछे आने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती थी। इससे मुख्य मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी और कई बार गंभीर हादसे भी हो चुके हैं।
आंबेडकर चौक से अरोडवंश चौक जाने वाले मार्ग पर बने अवैध कट यातायात में बड़ी बाधा बन रहे थे। इन कटों के कारण वाहन चालकों को बार-बार अपनी गाड़ी रोकनी पड़ती थी।
व्यस्त समय में सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है जिससे इन स्थानों पर गति धीमी हो जाती थी। दोनों तरफ से एक साथ वाहन मुड़ने के कारण कई बार भयंकर जाम लग जाता था। अचानक कट से वाहन निकलने के कारण इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
अवैध कटों को बंद करवाने का लिया निर्णय
प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन अवैध कटों को बंद करवाने का निर्णय लिया है। एडीसी अर्पित संगल के समक्ष इन कटों के कारण होने वाली समस्याओं को लेकर लगातार मांग उठाई गई थी। लोगों ने बताया था कि इन कटों की वजह से आए दिन सड़क हादसे होते हैं और यातायात ठप रहता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडीसी ने इन सभी अवैध कटों को तुरंत बंद करने के आदेश दिए थे।
अन्य मार्गों पर कार्रवाई की मांग
डबवाली रोड पर अभी तक महज दो कटों को ही बंद किया गया है। लोगों का कहना है कि अरोड़वंश चौक से एयरफोर्स तक भी एक या दो कटों को बंद करना बहुत जरूरी है। इसी प्रकार हिसार रोड पर करीब दस अनधिकृत कट बने हुए हैं जिनका विभाग द्वारा मूल्यांकन किया जाना चाहिए। बरनाला रोड पर जाट सुरजमल चौक से आगे बने कट के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन को शहर के अन्य व्यस्त मार्गों का सर्वे करवाकर सभी अवैध कट बंद करने चाहिए।