सिरसा। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में जन समस्या सुनते हुए अतिरिक्त आयुक्त विरेंद्र सेहरावत। प्रवक्त
सिरसा। गांव पंजुआना में सोमवार रात को अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम किया। कार्यक्रम में गांव के पढ़ने वाले युवाओं ने गांव में बस का ठहराव न होने की समस्या रखीं। युवाओं का कहना था कि कई बार तो बस का इंतजार करके वापस आ जाते हैं, जिससे हमारी पढ़ाई भी छूट जाती है।
इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने रोडवेज के अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कल से बस का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। इस पर उपस्थित ग्रामीणों ने मौके पर ही समस्या के समाधान के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने स्कूल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस दौरान 55 से अधिक जनसमस्याओं को अतिरिक्त उपायुक्त ने बारीकी से सुना और संबंधित विभागों को जल्द निवारण के निर्देश दिए।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत दिन में 15 से ज्यादा विभागों ने स्टाल के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया व विभागीय स्तर पर समस्याओं का समाधान भी किया। इस दौरान कबड्डी का मैच भी करवाया गया।
मकानों की मरम्मत के बारे में किया जाएगा सर्वे
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बहुत सी समस्या मकानों की मरम्मत की आईं। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि गांव में सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे के आधार पर पात्र परिवारों के मकान की मरम्मत की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने हाल ही में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पंजीकरण बारे उपस्थित महिलाओं से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो भी महिला योजना की पात्रता को पूरा करती है, वह अपना पंजीकरण जरूर करवाएं ताकि उसे योजना का लाभ मिल सके।
नशे के खिलाफ करें सहयोग, अपने आसपास बनाए रखें स्वच्छता
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नशा बहुत बुरी बीमारी है, जोकि व्यक्ति व समाज के लिए घातक है। ग्रामीण विशेषकर युवा एकजुट होकर नशा के खिलाफ खड़े हों और जो भी कोई नशा बेचता है या इसमें संलिप्त है, उसके खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करें। इसके साथ ही अपने आसपास सफाई रखें ताकि गांव में एक स्वच्छ वातावरण बनें। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।