इंस्पायर अवॉर्ड मानक के अंतर्गत नेशनल लेवल के लिए सिरसा जिला से दो विद्यार्थियों, जिनमें आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल झिड़ी से अमरिंदर सिंह और डीएवी स्कूल सिरसा से उज्जवल सिवाच का चयन हुआ है, जोकि जिले के लिए गर्व की बात है।
अमरिंद्र सिंह ने सीढ़ियों पर कुर्सी को चलाने का मॉडल बनाया था, जबकि उज्ज्वल सिवाच ने ईसीएआर-अरसेनिक सेफ ड्रिंकिग वाटर टेक्नोलॉजी का मॉडल बनाया था। अब ये विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य के 22 जिलों से 116 चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिसमें से 14 विद्यार्थियों का नेशनल लेवल के लिए चयन हुआ है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2009-10 में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इंस्पायर पुरस्कार योजना की शुरुआत की थी। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान द्वारा देशभर से आने वाले सर्वश्रेष्ठ एक लाख विचारों का चयन किया जाता है। उन्होंने बताया कि देशभर से कक्षा 6 से 10 तक, 10 से 15 साल उम्र के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों और नवप्रवर्तनों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत आमंत्रित किया जाता है, ताकि भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा और मजबूती मिल सकें। बता दें कि इससे पूर्व जिले के 16 विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ था, जिसमें दो विद्यार्थी नेशनल के लिए चयनित हुए हैं।
ये है पुरस्कार प्राप्ति का प्रावधान व राशि
इंस्पायर मानक अवॅार्ड के तहत चयनित सभी विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये प्रति पुरस्कार राशि सीधे उनके खाते में डाली जाती है। विचारों का चयन उसकी नवीनता, व्यवहारिकता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण की अनुकूलता और वर्तमान में मौजूद तकनीक से बेहतरी के आधार पर होता है। इसके पश्चात पूरे भारत से जिला स्तरीय प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता करवाकर एक लाख नवप्रवर्तनों में से 10 हजार नवप्रवर्तनों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता और प्रदर्शनी के लिए किया जाता है। राज्यस्तरीय प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता द्वारा 10 हजार में से एक हजार नवप्रवर्तनों का चयन होता है। चयनित 1000 प्रतिकृति को राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में रखा जाएगा, जहां से श्रेष्ठ 60 को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा, जिन्हें राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कोट
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 16 विद्यार्थी चयनित हुए थे, जिनमें से दो विद्यार्थियों ने नेशनल स्तर पर चयन करवाया है, जोकि स्टाफ व विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। दोनों विद्यार्थियों को भविष्य के लिए बधाई व शुभकामनाएं।
-डॉ. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा।
कोट
जिले के दो स्कूलों के विद्यार्थियों का नेशनल लेवल पर चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है। दूसरे बच्चों के लिए ये बच्चों प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
-संत कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।