गांव चौटाला में विजेता के साथ जीत की खुशी मनाते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सिरसा जिले के चौटाला गांव में इनेलो और जजपा के समर्थन से खड़े हुए सरपंच उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुभाष उर्फ बबलू ने 140 वोट से जीत हासिल की है। चौटाला गांव में विभिन्न पार्टियों के सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के उम्मीदवार और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुभाष उर्फ बबलू बिश्नोई के बीच कड़ा रोचक मुकाबला रहा।
जजपा के उम्मीदवार के पक्ष में पार्टी के बड़े नेताओं ने गांव में ही डेरा डाल दिया था। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वय अजय सिंह चौटाला ने अपने उम्मीदवार के पक्ष में गांव मे नुक्कड़ सभाएं भी की थी, लेकिन चौटाला गांव के जागरूक मतदाता किसी भी नेता के झांसे में नहीं आए।
चौटाला गांव में कांग्रेस समर्थित सुभाष उर्फ बबलू को 2894 वोट मिले, इनेलो के उम्मीदवार प्रेम गुरिया को 2754 वोट मिले, जजपा कश्मीरा सहारण को 1634 वोट मिले, आजाद उम्मीदवार प्रेमसुख गोदारा को 361 वोट, आजाद उम्मीदवार हनुमान वाल्मीकि को 1234 वोट, आजाद उम्मीदवार विनोद किलानिया को 107 वोट आजाद उम्मीदवार कुलदीप जाखड़ को 133 वोट, वहीं नोटा पर भी 73 वोट आए।
गांव में नशा रोकने व विकास करवाने का किया था वायदा
संजय हिटलर ने कहा कि हमने कहा था कि नशे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाएंगे। निश्चित रूप से हम पंचायत में पहला प्रस्ताव नशे के खिलाफ लेकर आएंगे। इसके साथ ही शिक्षा स्वास्थ्य बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जनता को वंचित नहीं रहने देंगे। हमेशा आमजन के बीच रहकर सुख-दुख के भागीदार बनेंगे।