भाजपा सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ाई - अभय सिंह चौटाला
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने रविवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी लोगों को सुख-सुविधाएं देना है पर इसने जनता को परेशान किया है। सरकार के कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ी है।
अभय चौटाला ने कहा कि कानून व्यवस्था भी खराब हुई है। पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। हर वर्ग सरकार से परेशान है। चौटाला ने रानियां की अनाज मंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव वादे पूरे नहीं किए। लोगों को सड़कों पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का हर वर्ग बदलाव चाहता है। लोग भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता केवल इनेलो में है।
राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों पर
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों देश व प्रदेश को नुकसान पहुंचा रही हैं। दोनों राष्ट्रीय पार्टियां क्षेत्रीय दलों को मजबूत नहीं होने देना चाहतीं। क्षेत्रीय दल जनता के बीच रहकर काम करते हैं। राष्ट्रीय दल दिल्ली में बैठकर राजनीति करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका नेतृत्व भाजपा के इशारे पर कांग्रेस को कमजोर कर रहा है।
कांग्रेस पर विश्वासघात के आरोप
चौटाला ने विधानसभा चुनाव से पहले हुए एक सर्वे का जिक्र किया। सर्वे में सामने आया कि कांग्रेस के 16-17 विधायक चुनाव हार सकते थे, फिर भी उन्हें टिकट मिले। इसका फायदा भाजपा को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी ने बिल्डरों, व्यापारियों और कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की। पारस बिल्डर के यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम सामने आया। चौटाला ने कहा कि हुड्डा ने कांग्रेस और हरियाणा की जनता से विश्वासघात किया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों पर भाजपा सरकार से मिलीभगत के आरोप लगाए।