डबवाली। रेलवे स्टेशन के पास चौधरी देवीलाल कॉम्प्लेक्स में वीरवार रात को दो दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। उन्होंने दुकानों के पिछले शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए।
फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शहर थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला कि चोरी की वारदात पूर्व योजना के तहत की गई थी और दुकानों में सीसीटीवी नहीं लगे थे।
गोल बाजार स्थित राजवीर ज्वेलर्स की दुकान में चोर दुकान के पिछवाड़े के शटर को तोड़कर घुसे। उन्होंने काउंटर और दराज से करीब 2 किलो चांदी और 7 ग्राम सोना चुरा लिया। सुबह पड़ोसी ने दुकानदारों को शटर टूटे होने की सूचना दी। दुकानदारों के अनुसार, दुकान का सामान बिखरा हुआ था और कीमती जेवरात गायब थे।
इसके अलावा रेलवे फाटक के समीप स्थित कमल स्टेशनरी एंड स्पोर्ट्स की दुकान में चोरों ने साइड शटर तोड़कर प्रवेश किया और काउंटर में रखी करीब 12 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। दुकान मालिक के अनुसार, सुबह उनके पिता दुकान खोलने पहुंचे और चोरी का पता चला।
शहर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। वहीं, व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
-
ओढ़ां में शटर काट दुकान में घुसे चोर, 15 हजार रुपये ले गए
ओढ़ां। गांव नुहियांवाली में वीरवार रात चोरों ने किराने की दुकान का पिछला शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान मालिक अनिल गढ़वाल ने बताया कि सुबह दुकान खुलने पर उन्होंने गल्ले और गोशाला के लिए रखे दान पात्र से करीब 15 हजार रुपये और 4-5 जोड़ी चप्पल गायब पाई। चोरों ने दुकान में दाखिल होने के लिए पीछे वाले गेट का शटर काटा। सूचना मिलने पर ओढ़ां पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज धुंध की वजह से स्पष्ट नहीं दिखाई दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद