सिरसा। शहर के नागरिक अस्पताल रविवार को अवकाश के दिन भी डी ग्रुप उत्तीर्ण युवक युवतियां मेडिकल के लिए पहुंची। इस दौरान 235 परीक्षार्थियों ने मेडिकल करवाया। वहीं अवकाश के दिन भी नागरिक अस्पताल में ओपीडी व चिकित्सक मौजूद रहे। वहीं मेडिकल के बाद युवकों को प्रमाणपत्र के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
जिले में पिछले दो दिनों में कुल 435 युवक व युवतियों ने अपना मेडिकल करवाया है। वहीं मेडिकल करवाने के लिए सुबह से ही युवाओं की लंबी लाइनें नागरिक अस्पताल में लगनी शुरू हो गई। मेडिकल के होने के बाद प्रमाणपत्र लेने के लिए युवाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। लोकसभा चुनावों से पहले सभी युवाओं को ज्वाइन करवाने के लिए रविवार को भी नागरिक अस्पताल को खुला रखने के आदेश दिए गए हैं।
जिसके चलते युवा रविवार को भी मेडिकल करवाने के लिए पहुंचे। ताकि चुनावों के आचार संहिता से पहले सभी को ज्वाइन करवा दिया जाए। हालांकि मेडिकल करवाने के दौरान युवाओं को कुछ समस्याओं का भी सामना भी करना पड़ा। इस दौरान सभी युवा नागरिक अस्पताल में फर्श पर बैठकर इंतजार करते हुए नजर आए। वहीं भर्ती युवाओं के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।
मेडिकल करवाने आए युवाओं से बातचीत
दो साल से घर में सेल्फ स्टडी कर रहा था। वहीं गांव जमाल में बनी लाइब्रेरी में भी पढ़ाई की थी। माता-पिता मेहनत मजदूरी कर घर का गुजारा चलाते हैं। भर्ती होने पर काफी खुशी है। अब अपने माता-पिता का सहारा बनूंगा।
-राजेश।
गांव में रहकर फोन से पढ़ाई कर के इस मुकाम को पाया है। मेरी हरियाणा पुलिस में भी नियुक्ति हो गई है। घर से पूरा सहयोग मिला है। पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। दोनों में नियुक्ति के बाद सोचना है कि कौन सी नौकरी ज्वाइन करनी है।
-पूनम।
गांव में बनी लाइब्रेरी में पढ़कर इस परीक्षा को पास कर इस जगह पर पहुंची हूं। मेरा हरियाणा पुलिस में भी सिलेक्शन हो गया है। आज ग्रुप डी की नौकरी के लिए भी मेडिकल करवाने के लिए आई हूं।
-रचना।
पिछले करीब दो साल से सरकारी नौकरी के लिए कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर रही थी। गांव चिलकनी ढाब से तैयारी करने के लिए करीब 20 किलोमीटर जाना पड़ता था। माता-पिता खेतबाड़ी का काम करते हैं। घर में पहली नौकरी मेरी ही लगी है।
-पूनम।