नगर परिषद की ओर से शहर के बीचोंबीच निर्मित ट्रेड टावर मार्केट में शौचालय निर्माण पर लाखों रुपये तो कागजों में दिखाए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कहीं भी कोई सुविधा नजर नहीं आ रही।
उपरोक्त आरोप ट्रेड टावर के दुकानदारों चिक्की मेहता, गोल्डी मेहता और डॉ. वीके नाहर के नेतृत्व में ट्रेड टावर मार्केट में शौचालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए लगाए। दुकानदारों का आरोप है कि जिस प्रकार नगर परिषद ने झूठे सपने दिखाकर सुविधाओं के नाम पर मोटी रकम वसूली है, उसी प्रकार ट्रेड टावर में बनाए गए शौचालय के नाम पर भी नप अधिकारियों ने जमकर फर्जीवाड़ा किया है। दुकानदारों ने बताया कि उन्हें कहीं से यह भी पता चला है कि नप अधिकारियों ने ट्रेड टावर में बने शौचालय के नाम पर लगभग 42 लाख रुपये की राशि खर्च होना सरकारी रिकॉर्ड में दर्शाया है, लेकिन हकीकत में शौचालय की दशा को देखकर ऐसा लगता है कि नप अधिकारियों ने इसके निर्माण में बड़े पैमाने पर घोटाला किया है। दुकानदारों की स्थानीय प्रशासन और हरियाणा सरकार से मांग है कि इस संबंध में एक टीम गठित कर जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
दुकानदारों ने बताया कि ट्रेड टावर में सुविधाओं का अभाव तो है ही इसके अलावा वहां पर नप के अधिकारियों ने मिलीभगत कर अवैध रूप से सब्जी की मंडी स्थापित कर यहां के सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया है। रही-सही कसर वहां घूमने वाले बेसहारा मवेशियों ने पूरी कर दी है, जो यहां दिन व रात घूमते रहते हैं। दुकानदारों ने बताया है कि बाहर के अवारा किस्म के नशेड़ी लोगों ने ट्रेड टावर को अपना सुरक्षित अड्डा समझ लिया है, जो दिन व रात के समय अपनी अवैध गतिविधियों के लिए इस ट्रेड टावर का इस्तेमाल करते हैं। इस रोष प्रदर्शन में राम कृष्ण तंवर, प्रवीन कुमार, ज्ञानचंद, बलराम, गुरमुख सिंह, आर के मेहता, राहुल, विमल कुमार, पलविंद्र सिंह, मुकुल, राजेश कुमार, अवतार सिंह, विरेंद्र, अत्तर सिंह, मलकीत सिंह, नारायण सिंह, ललित सोनी, उद्यम सिंह, ओम प्रकाश, संदीप शर्मा, पवन, रजनीश, अमित वधवा, सदानंद, राजपाल, सतपाल, राजकुमार, जोनी मेहता, रमेश मेहता, सोनू मेहता, संजीव कुमार, रिहान, कपिल, प्रेम कंबोज, गुरमुख सिंह इत्यादि मौजूद रहे।
नगर परिषद की ओर से ट्रेड टॉवर मार्केट में शौचालयों का सही ढंग से निर्माण करवाया गया है। परिषद की ओर से ट्रेड टावर मार्केट एसोसिएशन के प्रधान को शौचालयों की चाबी सौंपी गई है। उन्हीं को उसकी देखरेख करने को कहा गया है। मार्केट में सैकड़ों रेहड़ियां लगती हैं, ऐसे में शौचालयों की सफाई की ओर एससोसिएशन को ध्यान देना होगा।
-अतर सिंह, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद सिरसा