कालांवाली में ग्रामीणों से बातचीत करतीं एसपी जसलीन कौर।
कालांवाली। डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने संध्या संवाद कार्यक्रम के तहत गांव पक्का शहीदां पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। गांव की चौपाल में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने अपनी समस्याएं व सुझाव साझा किए।
एसपी ने नशा, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर रहा है। नशे के खिलाफ समाज की जागरूकता और जनसहभागिता ही इस बुराई पर प्रभावी अंकुश लगा सकती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण, नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित करने तथा नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने का संकल्प लिया।
महिलाओं को बताए कानूनी अधिकार
महिला सुरक्षा पर चर्चा करते हुए एसपी ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी व अपराध संबंधी शिकायत दर्ज कराने में किसी प्रकार की झिझक न रखने की अपील की। कार्यक्रम में डीएसपी कालांवाली ललित कुमार, थाना प्रभारी विजय सिंह, महिला थाना प्रभारी सुशीला देवी, चौकी सिंघपुरा प्रभारी सुखचैन सिंह तथा गांव के सरपंच बलबीर सिंह मौजूद रहे।