संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट सिरसा ने एक घर में दबिश देकर 1 किलो 750 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने गांव मलिकपुरा निवासी अवतार सिंह को गिरफ्तार किया है। अवतार पशु व्यापारी है और उसने भी लाभ कमाने के चक्कर में अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर नशा तस्करी शुरू कर दी। आरोपी ने अपने रिश्तेदार से अफीम लाने की बात को स्वीकार किया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी की तलाश करने में जुटी है।
उप पुलिस अधीक्षक राज सिंह एवं निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के नेतृत्व में एचएनसीबी यूनिट जांच के दौरान डबवाली-सिरसा हाईवे पर मिठड़ी बस स्टैंड पर नाकाबंदी कर मौजूद थी। सूचना मिली की गांव मलिकपुरा के रहने वाले हरपाल सिंह व अवतार सिंह दोनों अफीम तस्करी करते हैं। यह बीती रात काफी मात्रा में अफीम लेकर आए हैं। सूचना पाकर पुलिस बुलेट नामक डॉग को साथ लेकर गांव मलिकपुरा पहुंची और अवतार के घर तलाशी ली। इस दौरान एक बैग से अफीम बरामद हुई। इसकी मात्रा 1 किलो 750 ग्राम पाई । पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह हरपाल सिंह निवासी मलिकपुरा से अफीम लेकर आया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना ओढां में मामला दर्ज कर लिया है। राकेश कुमार ने बताया कि हरपाल पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।