डबवाली। खंड के गांव लोहगढ़ में शनिवार को स्थानीय पुलिस की टीम ने अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई की। यह केंद्र रिहायशी मकान में बिना किसी वैध दस्तावेज के चलाया रहा था। पुलिस ने मौके से केंद्र के दो संचालकों भूपेंद्र सिंह और रोबिस उर्फ बब्बी को गिरफ्तार किया। केंद्र में 7-8 नशा पीड़ित भी मिले हैं। हालांकि इस केंद्र पर पहले भी कार्रवाई की गई थी।
गांव का भूपेंद्र सिंह अपने साथियों डबवाली निवासी रोबिस उर्फ बब्बी और ढाणी हनुमानगढ़ निवासी भूपेंद्र कुमार के साथ मिलकर नशा मुक्ति केंद्र चला रहा था। पहले मुख्यमंत्री के सचल दस्ते ने छापा मारकर इस केंद्र को बंद करवाया था, लेकिन करीब 10 दिन पहले इसे फिर से शुरू कर दिया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने केंद्र संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह दस्तावेज पेश नहीं दे पाए। इसलिए केंद्र को बंद करवाकर वहां उपचार के लिए आए सात लोगों को मुक्त किया गया। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।