सिरसा।राजकीय महिला महाविद्यालय में स्थित इग्नू सेंटर।
सिरसा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2025 टर्म-एंड परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिसंबर माह में आयोजित की जाएंगी। बिना परीक्षा फॉर्म जमा किए किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक टीईई का ऑनलाइन एग्जाम फॉर्म नहीं भरा है, वे अब लेट फीस के साथ ही फाॅर्म भर पाएंगे।
विश्वविद्यालय के आदेश अनुसार बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर रात 12 बजे तक रही। इग्नू ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा फॉर्म जमा करने की तिथि में विस्तार दिया है।
11 रुपये देना होगा विलंब शुल्क
विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फाॅर्म भरने की तिथि 27 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक रहेगी। इस दौरान विलंब शुल्क 1100 रुपये रहेगा। जो विद्यार्थी किसी कारणवश समय पर फॉर्म जमा नहीं कर पा रहे, वे 31 अक्तूबर तक लेट फीस के साथ अपना परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और विश्वविद्यालय किसी भी स्थिति में फॉर्म स्वीकार नहीं करेगा। इग्नू दिसंबर 2025 टर्म-एंड परीक्षा का विस्तृत डेटशीट और परीक्षा केंद्र सूची जल्द ही वेबसाइट पर जारी करेगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट और छात्र पोर्टल पर नियमित रूप से नोटिफिकेशन देखते रहें।
प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप व शोध रिपोर्ट जमा करने की तिथि बढ़ी
परीक्षा फॉर्म के साथ-साथ इग्नू ने प्रोजेक्ट, फील्ड वर्क जर्नल, शोध प्रबंध (डिसर्टेशन) और इंटर्नशिप रिपोर्ट जमा करने की तिथि में भी विस्तार दिया है। यह सुविधा उन सभी विद्यार्थियों के लिए है जो दिसंबर 2025 सत्रांत परीक्षा में इन कार्यों को जमा कराने के पात्र हैं। अब विद्यार्थी अपनी रिपोर्ट 30 नवंबर तक जमा करवा सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह तिथि अंतिम है और इसके बाद जमा होने वाले प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
रविवार रात 12 बजे तक परीक्षा फाॅर्म भरने का अंतिम दिन रहा। इसके बाद अगर कोई विद्यार्थी रह गया है तो वे विद्यार्थी विलंब शुल्क के साथ 31 तक परीक्षा फाॅर्म भर सकते हैं। फाॅर्म भरना जरूरी है इसके बिना परीक्षा नहीं होगी।
- विक्रमजीत सिंह, कोऑर्डिनेटर, इग्नू सेंटर सिरसा।