संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शराब पीने के लिए घरवालों ने रुपये नहीं दिए तो डिंग मंडी निवासी एक अधेड़ व्यक्ति ने जहर खा लिया। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की सूचना डिंग थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बेटे का बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार डिंग मंडी निवासी 46 वर्षीय जीतराम शराब के नशे का आदी था। मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे ही उसने शराब के लिए अपने परिवार वालों से रुपये की मांग की। लेकिन परिजनों ने उसे रुपये नहीं दिए। इसके बाद उसने परिवार वालों से झगड़ा कर लिया और घर में रखी कीटनाशक खा लिया। सूचना मिलने के बाद उसका बेटा राधे श्याम उसे लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचा। यहां इमरजेंसी में उसकी मौत हो गई। वहीं मृतक के बेटे राधेश्याम ने बताया कि उसका पिता शराब पीकर घर में लड़ाई-झगड़ा व मारपीट भी करता था। मंगलवार को भी उसके पिता ने परिवार के सदस्यों से झगड़ा किया था। जब उन्होंने रुपये नहीं दिए तो उसके पिता ने कीटनाशक खा लिया।