शहर के सेक्टर 19 में सोमवार रात एक कारोबारी से कार में सवार पांच बदमाशों ने हथियारों के बल पर लाखों रुपये लूट लिए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर दी और लुटेरों की तलाश में जुट गई। लुटेरों का पीछा कर पुलिस ने उन्हें हिसार स्थित एक कार शोरूम के पास दबोच लिया। पांचों लुटेरों को मंगलवार दोपहर पुलिस ने अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने दो लुटेरों को दो दिन के रिमांड और तीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना से कारोबारी व व्यापारी वर्ग सकते में हैं क्योंकि शहर में लूटपाट की हाल ही में हुई दो बड़ी वारदात की गुत्थी अभी तक पुलिस सुलझा नहीं पाई है। प्रेम नगर निवासी बलराज पुत्र लाल सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से पंजाब के सातकोहा का रहने वाला है और कैटरिंग का कारोबार करता है।
सोमवार रात वह अपनी बुआ के पुत्र हरदीप को तीन लाख 30 हजार रुपये देने के लिए कार में सवार होकर नरेलखेड़ा की ओर रवाना हुआ। कार में बलराज के साथ उसका दोस्त छिंदा भी सवार था। सोमवार रात करीब आठ बजे जब वह सेक्टर 19 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पहुंचा तो एक कार में सवार युवकोें ने उसे कार रोकने का इशारा किया। बलराज ने कार नहीं रोकी तो कार सवार युवकों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर अपनी कार बलराज की कार के आगे लगा दी।
कार में पांच युवक सवार थे, जिनके हाथों में पिस्तौल व रॉड थी। युवकों ने बलराज की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और बोले कि ‘पास में जो भी कुछ है, उसे हमें दे दो नहीं तो जान से मार देंगे।’ बलराज ने लुटेरों को अपने पास रखी तीन लाख तीस हजार रुपये की नकदी दे दी। लुटेरों ने बलराज की कार की चाबी भी छीन ली और अपनी कार में सवार होकर फतेहाबाद की तरफ भाग गए।
वारदात से घबराए कारोबारी ने पुलिस कंट्रोल रूम में लूटपाट की सूचना दी। कंट्रोल रूम से वीटी होने पर जिलेभर में पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। पुलिस को फरार लुटेरों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिल गई और हुडा चौकी प्रभारी राजकुमार की अगुवाई में टीम लुटेरों के पीछे लग गई। लुटेरों का पीछा करते-करते पुलिस हिसार पहुंची और वहां स्थित कार शोरूम के पास लुटेरों को घेरकर पकड़ लिया।
लुटेरों की पहचान सतनाम सिंह व गुरमीत सिंह निवासी ढाणी पीरांवाली जिला हिसार, मंगल सिंह, जसपाल सिंह व सूखा उर्फ राजा निवासी सुरेशिया बस्ती जिला हनुमानगढ़ राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने कारोबारी बलराज की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दो को रिमांड और तीन को भेजा जेल
वारदात को अंजाम देने वाले सतनाम सिंह, गुरमीत सिंह, मंगल सिंह, जसपाल सिंह व सूखा उर्फ राजा को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी गुरमीत सिंह व सतनाम सिंह को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है और अन्य तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
हथियार और नकदी करेंगे बरामद
मामले की जांच कर रहे हुडा चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी लुटेरों को हिसार से पकड़ लिया है। कारोबारी से लूटी गई नकदी की बरामदगी अभी करनी बाकी है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त करने बाकी हैं। दो दिन के रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में प्रयुक्त हुए पिस्तौल व लूटी गई नकदी बरामद करेगी।
नहीं सुलझी 22 लाख की लूट की गुत्थी
लगातार हो रही वारदात से शहर के व्यापारी दहशत में है। शहर की अग्रसेन कॉलोनी में 18 अप्रैल की रात मुनीम से 22 लाख रुपये की लूट की गुत्थी सुलझाने में पुलिस अभी तक नाकाम साबित हो रही है। जांच का जिम्मा संभाले हुए सिटी पुलिस व सीआईए स्टाफ के हाथ खाली हैं।
18 अप्रैल की रात अग्रसेन कॉलोनी निवासी महेश बंसल का आढ़ती अमित कुमार कार में 22 लाख रुपये लेकर बंसल के घर पहुंचा था कि बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर मुनीम से रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे। इस वारदात को एक माह से अधिक समय गुजर चुका है लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।