स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एचएसआईआईडीसी इंडस्ट्रियल वेल्फेयर एसोसिएशन ने सोमवार को बैठक एवं पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया। इसमें औद्योगिक क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और कई उद्योगपतियों ने इसमें भाग लिया।
एसोसिएशन अध्यक्ष पुरुषोत्तम गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल जिंदल, उपाध्यक्ष मुरलीधर गर्ग, सचिव संजय रेल्हन, विपुल गर्ग और लीगल एडवाइजर मनीष गुप्ता एडवोकेट मौजूद रहे। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष हीरा लाल शर्मा, अग्रोहा विकास ट्रस्ट से अंजनी कनोडिया और अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान अनिल सराफ भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक में स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। सड़कों, बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं से जुड़ीं समस्याओं पर भी बात की गई। सदस्यों ने समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया। हरदेव सिंह धनजल ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों का आभार जताया।
समितियों का गठन
एसोसिएशन के कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। नवगठित समितियों के सदस्यों को सम्मानित कर उन्हें जिम्मेदारियां सक्रियता से निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पूर्व कार्यकारी समिति के सदस्यों के योगदान के लिए उनका आभार जताया गया। अतिथियों ने एसोसिएशन को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।