अगस्त 2024 से लंबित थी, स्वास्थ्य विभाग को मिला 2.72 करोड़ का बजट
संक्रमित मरीजों को मिलेगा आर्थिक सहारा, प्रतिमाह मिलती है 2250 रुपये पेंशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के एचआईवी संक्रमित रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने करीब दो वर्ष से लंबित चल रही पेंशन राशि अब जारी कर दी है। अगस्त 2024 से इंतजार कर रहे रोगियों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग को पेंशन के लिए 2.72 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। एचआईवी रोकथाम कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रतीक गोयल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय से बजट मिलने के बाद पेंशन धारकों के बैंक खातों का विवरण भेजा गया है।
इससे जल्द ही लंबित राशि उनके खातों में पहुंच जाएगी। जिले में कुल 1008 पात्र एचआईवी संक्रमित रोगियों को इस योजना का लाभ मिलता है। प्रत्येक पात्र को प्रतिमाह 2250 रुपये की पेंशन दी जाती है।
बजट जारी नहीं होने के कारण पिछले लगभग दो वर्षों से रोगियों को पेंशन का इंतजार था। पेंशन नहीं मिलने से कई रोगियों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक परेशानी हो रही थी।
कोट्स
जिले के एचआईवी संक्रमितों की पेंशन के लिए 2.72 करोड़ रुपये का बजट जारी हो गया है। सभी पात्र पेंशनधारकों के बैंक अकाउंट में राशि भेजना आरंभ कर दिया गया है। अगस्त 2024 से 1008 संक्रमितों को पेंशन नहीं मिली थी।
-डॉ. प्रतीक गोयल, नोडल अधिकारी, सिरसा।