ऐलनाबाद के हनुमानगढ़ रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में मंगलवार रात एक 20 वर्षीय युवक की डंडों से पीट पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना डंडा और पत्थर बरामद कर लिया है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल सिरसा ले जाया गया है।
वार्ड नंबर एक निवासी 20 वर्षीय सोनू पुत्र मोडूराम मंगलवार रात करीब नौ बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों के अनुसार वह इस बात का भी जिक्र कर रहा था कि कुछ दोस्तों के साथ खाना भी बाहर ही खाएगा। सोनू के देर रात्रि आने की संभावना के चलते घर के लोग साढ़े दस बजे के करीब सो गए। बुधवार सुबह जब वे उठे तो सोनू को घर में न पाकर सकते में आ गए। उन्होंने सोनू के मित्रों और परिचितों से उसके बारे में पूछताछ की पर कोई पता नहीं चला। उधर, बुधवार सुबह किसी ने राजकीय विद्यालय के खेल परिसर में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिससे लोगों में सनसनी फैल गई। लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पडे़। अनहोनी की आशंका को देखते हुए सोनू के चचेरे भाई दीनू और घनश्याम भी राजकीय विद्यालय में पहुंचे और शव की शिनाख्त सोनू के रूप में की। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिस पर थाना प्रभारी कुलवंत बिश्नोई मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान थे। उस पर पत्थर और डंडे से वार किए गए थे, जो शव के पास ही पड़े थे। सिर और चेहरे पर लगी चोटों से स्पष्ट था कि सोनू को बेरहमी से मारा गया है।
पुलिस ने सभी सबूत एकत्रित कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। थाना प्रभारी कुलवंत बिश्नोई ने बताया कि सोनू के हत्यारों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। उधर, शहर के बीचोंबीच हुई कत्ल की इस घटना से लोगों और राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतक के भाई सुभाष की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल सिरसा ले जाया गया। इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन मृतक के परिजनों से बातचीत के बाद शक के घेरे में आए कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच स्वयं थाना प्रभारी कुलवंत बिश्नोई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हत्या के कारण का कोई खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस जांच कर रही है।