गांव अलीकां में एनएचएआई द्वारा नेशनल हाईवे-754 के निर्माण कार्य को शुरू करवाने से पूर्व भेजे गए सामान को देखकर विरोध में एकत्रित हुए किसानों ने ठेकेदार के कारिंदों को कार्य शुरू करने नहीं दिया और धरने पर बैठ गए। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार ओमबीर सिंह एवं शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यवान शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एकत्रित किसानों ने नायब तहसीलदार डबवाली ओमबीर सिंह को एसडीएम डबवाली के नाम एक मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में उन्होंने लिखा है कि गांव अबूबशहर में हुई महापंचायत में एनएचएआई के अधिकारियों ने सभी 10 गांवों के किसानों को समान रूप से अवॉर्ड बनाने की बात स्वीकार की थी लेकिन आज तक समान अवॉर्ड नहीं बनाए गए हैं और किसानों की अधिग्रहण की गई भूमि का मुआवजा किसानों के बैंक खातों में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि डबवाली तहसील के 10 गांवों के किसानों की मांग है कि नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य शुरू करवाने से पहले एनएचएआई द्वारा किसानों का मुआवजा दिया जाए।
किसान नेता जसवीर सिंह अलीकां और दया राम उलानिया चौटाला ने कहा कि जब तक सभी किसानों को उनकी अधिग्रहण की गई भूमि का सही मुआवजा नहीं मिलता तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करने दिया जाएगा। नायब तहसीलदार ओमबीर सिंह ने आश्वासन दिया कि जब तक किसानों को मुआवजा नहीं मिल जाता तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया जाएगा। इसके बाद धरनारत किसान धरना समाप्त कर अपने-अपने घरों को लौट गए। इस मौके मनप्रीत कुमार, सुरजीत सिंह, कमल, बलविंद्र सिंह, सुशील कुमार, चमकौर सिंह, गुरमेल सिंह, अन्य गांवों के किसान मौजूद थे। बता दें कि मंगलवार को ठेकेदार के कारिंदे टेंट आदि का सामान लेकर आए थे और लेबर व आने वाले अधिकारियों के बैठने के लिए अस्थाई कार्यालय बनाना था।