संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। देश में बढ़ते कोरोना के नए वेरिएंट को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने कोविड के सैंपल की जांच अपने स्तर पर शुरू कर दी है।दो दिन में 33 संदिग्धों को सैंपल लिए गए हैं। विभाग ने बुधवार को 15 और वीरवार को 18 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए हैं। इनकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है।
मौसम में आ रहे बदलाव के कारण खांसी, जुकाम व बुखार के केसों में तेजी से इजाफा हुआ है। शहर का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के आसपास और दिन का तापमान 23 डिग्री तक पहुंच रहा है। नागरिक अस्पताल में पिछले सप्ताह से प्रतिदिन सर्दी के कारण बुखार, जुकाम के 150 से 200 मरीजों की ओपीडी हो रही है। कई में कोरोना के संबंधित लक्षण भी मिल रहे हैं। वीरवार को 18 सैंपल जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा विभाग ने सतर्कता बरतते हुए मास्क को अनिवार्य कर दिया है। इसके साथ ही कोविड की हिदायतों का पालन करने के आदेश दिए हैं।
कोविड सैंपल की नागरिक अस्पताल में हो रही जांच
नागरिक अस्पताल में कोविड की जांच को लेकर आरटीपीसीआर लैब बनाई गई है। स्वाइन फ्लू और इन्फ्लूएंजा की जांच के लिए सैंपल अग्रोहा मेडिकल भेजे जाते हैं। इन्फलुुएंजा के दो से तीन सैंपल रोजाना अग्रोहा भेजे जा रहे हैं।
यह है सुविधा
- ऑक्सीजन प्लांट : 1000 लीटर, जिससे प्रतिदिन खपत के अनुसार ऑक्सीजन जनरेट की जाती है।
ऑक्सीजन सिलिंडर : 350
-आईसोलेशन वार्ड : दो
बेड : 12
अस्पताल में खांसी व जुकाम, सांस लेने में समस्या, बुखार, के मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। मरीजों का एक सप्ताह से बुखार न उतरना सांस में दिक्कत हो तो उनको आईसीयू में भर्ती किया जाता है और इलाज किया जा रहा है। कोविड को लेकर पूरे प्रबंध किए जा चुके हैं। गंभीर मरीजों के सैंपल जांच के लिए लिए जा रहे हैं। इन दिनों कोविड के संदिग्ध मरीज बढ़े हैं। -डॉ. रॉकी बंसल, नागरिक अस्पताल सिरसा।