संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में 27 स्वास्थ्य सब सेंटर बनाने को लेकर अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से सब सेंटरों के निर्माण का कार्य करवाया जाना है। इसके लिए विभाग की ओर से निर्माण को लेकर मुख्यालय में रिपोर्ट तैयार करके भेजी गई है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद विभाग की ओर से निर्माण कार्य करने के लिए टेंडर लगाया जाएगा।
सरकार ने 15वें वित्त वर्ष 2021-22 में नए सेंटर बनाने को अनुमति दी थी। जिसमें सिरसा के 27 गांवों में स्वास्थ्य के सब सेंटरों बनाने के लिए उनका चयन किया गया था। सब सेंटरों के नए भवन के निर्माण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पंचायत विभाग को पत्र लिखकर जगह की मांग की थी। जिसके पश्चात अब सभी सेंटरों के लिए जगह का चयन हो चुका है और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से इसका निर्माण कार्य करवाने की प्रक्रिया को लेकर मुख्यालय को पूरी रिपोर्ट भेजी है। जिसमें भवन के नक्शे जगह सहित अन्य हर प्रकार की जानकारी दर्ज की गई है। इन सब सेंटरों के निर्माण को लेकर करीब 9 करोड़ 99 लाख की राशि जारी कर दी गई हैं। ताकि जल्द से जल्द इन सेंटरों के भवन का निर्माण हो सके और मरीजों को बेहतर इलाज दिया जा सके।
जिले के इन गांवों में बनाए जाने है नए स्वास्थ्य सब सेंटर
सरकार की ओर से गांव चोरमार, धिंगतानियां, केलनियां, नटार, रसूलपुर, सलारपुर, मौजदीन, बालासर, बाहिया, सुल्तानपुरिया, वैदवाला, अबूबशहर, छतरियां, बनवाला, बिज्जूवाली, पंजुआना, फरवाई कलां, राजपुरा, फिरोजाबाद, पक्का, थिराज, फग्गू, मांगेआना, तिगड़ी, सावंत खेड़ा, रघुवाना, अलीकां में स्वास्थ्य सब सेंटर बनाया जाना है।
14 करोड़ 98 लाख के खर्च से बनाए जाएंगे सब सेंटर
स्वास्थ्य विभाग के अधिक सब सेंटर सरकारी भवनों में या किराये के भवनों में चलाए जा रहे हैं। सरकारी भवन कंडम होने और जगह की कमी के चलते विभाग ने कई सेंटरों के निर्माण के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा था। जिसके बाद 2021-22 वित्त वर्ष में सेंटरों के निर्माण की मंजूरी मिली थी। एक सब सेंटर पर साढ़े 55 लाख रुपये का खर्च आना है। जिले के 27 सब सेंटरों के निर्माण पर 14 करोड़ 98.5 लाख रुपये खर्च होने हैं।
वर्जन
स्वास्थ्य सब सेंटरों के निर्माण का कार्य शुरू करने के लिए मुख्यालय में फाइल भेजी गई है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद इसका टेंडर लगाकर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सभी सेंटरों के लिए जगह का चयन हो चुका है।
-कमलदीप राणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर सिरसा।