भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख किसानों को जागरूक करते हुए।
सिरसा। भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने गांव-गांव जाकर किसानों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए एकजुट किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चे की ओर से 8 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। इसी कड़ी में शहीद भगत सिंह स्टेडियम बरनाला रोड सिरसा शुक्रवार यानी 8 अगस्त सुबह 10.30 बजे किसान उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे और अपना मांगपत्र सौंपेंगे।
औलख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में आकर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करने जा रहे हैं। इस समझौते से किसान, मजदूर, छोटा व्यापारी, डेयरी व्यवसाय के साथ- साथ किसानी से जुड़े हुए सभी व्यापार बर्बाद हो जाएंगे। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में शुक्रवार 8 अगस्त को लघु सचिवालय सिरसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके जाएंगे।
हरियाणा के किसानों व मजदूरों की मांगों के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें भारी बारिश से हुए जल भराव, फसलों की खराबे की स्पेशल गिरदावरी करवा कर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए आदि मांगों के लिए ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर बीकेई महासचिव अंग्रेज सिंह कोटली, गुरचरण सिंह साहुवाला, माना सिंह जलालआना, प्रदीप सिंह, सुखदेव सिंह, भोला सिंह आदि मौजूद रहे।