संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों का रोड शो से लेकर रैलियां पर फोकस है। हर कोई अपनी ताकत दिखाने में जुटा है। बुधवार को जहां रानियां व डबवाली में जजपा प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला और निर्दलीय चौधरी रणजीत सिंह ने गठबंधन रैली की, वहीं वीरवार को ऐलनाबाद में इनेलो नेता अपना शक्ति प्रदर्शन कर ताकत दिखाएंगे।
चुनाव प्रचार थमने से ठीक पहले इनेलो ने अपना कार्यक्रम रखा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला सहित बसपा के बड़े नेता नजर आए। इस हलके सेकांग्रेस प्रत्याशी कड़े मुकाबले में हैं। हालांकि कांग्रेस का कोई बड़ा नेता आखिरी दौर में प्रचार या रैली के लिए नहीं आ रहा है। वहीं, सिरसा सीट पर वीरवार को हलोपा-इनेलो-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी गोपाल कांडा सुबह 10 बजे रोड शो शहर में करेंगे।
भाजपा के प्रत्याशी भी खुद दिखाएंगे दम : भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता या कहें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी या उनके मंत्री मंडल से कोई भी नेता चुनाव प्रचार के लिए जिले में नहीं आया है। भाजपा प्रत्याशी भी पार्टी के इस रवैये से कुछ निराश नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद प्रत्याशी आखिरी दिन चुनाव प्रचार में अपना दम दिखाते हुए नजर आएंगे। कालांवाली सीट पर भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र देसूजोधा अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
डबवाली से बलदेव सिंह मांगेआना, ऐलनाबाद से अमीरचंद मेहता या पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे रानियां के शीशपाल कंबोज हो, सभी पार्टी के शीर्ष नेताओं का इंतजार करते रहे।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::
डबवाली हलके में पंजाब व दिल्ली के आप नेता प्रत्याशी के समर्थन में मांगेंगे वोट
डबवाली में आम आदमी पार्टी से कुलदीप सिंह गदराना चुनाव मैदान में है। उनके स्वभाव और रसूख का उन्हें लाभ मिल रहा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी डबवाली में आकर उनके समर्थन में रोड शो कर चुके हैं। इसके बाद शहरी वोट बैंक में फर्क देखने को मिला है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आम आदमी पार्टी के पंजाब और दिल्ली के कई नेता प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो करते हुए नजर आएंगे।